श्मशान से लौटाया गया विवाहिता का शव
Share
सिर पर चोट के निशान मिलने पर परिजनों ने जताया हत्या का संदेह
राजसमंद, 3 अप्रैल: राजसमंद जिले के केलवा कस्बे में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने तूल पकड़ लिया है। गुजरात में हुई मौत के बाद जब शव अंतिम संस्कार के लिए लाया गया तो परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान देखकर दाह संस्कार से इनकार कर दिया और शव को श्मशान से वापस ले आए।
जानकारी के अनुसार केलवा निवासी मीना तेली (27) की 1 अप्रैल को गुजरात के वेलुक कस्बे में मौत हो गई थी। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया, लेकिन गुरुवार को जब शव मोक्षधाम लाया गया तो परिजनों ने सिर पर गंभीर चोट के निशान देखे। उनके अनुसार गले पर फांसी के स्पष्ट निशान नहीं थे, जिससे मामला संदिग्ध लगने लगा।
मृतका के भाई विकास तेली ने बताया कि मीना 30 मार्च को ससुराल गई थी और 1 अप्रैल को उसके आत्महत्या की सूचना दी गई। परिजनों ने पति हिरेन तेली और ससुर पर हत्या का शक जताया है। आक्रोशित परिजन कलेक्ट्रेट पहुंचे और मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की। मीना की शादी फरवरी 2023 में हुई थी और उसकी ढाई साल की एक बेटी है।
