LOADING

Type to search

ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में संभाग भर में बंद रहे मेडिकल स्टोर

Health

ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में संभाग भर में बंद रहे मेडिकल स्टोर

Share

एमबी हॉस्पिटल के सामने खुला मेडिकल जबरन कराया बंद, केमिस्टों ने निकाली रैली
उदयपुर, 20 मई:
ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर बुधवार को संपूर्ण संभाग में मेडिकल स्टोर बंद रहे। बंद के चलते मरीजों और परिजनों को दवाइयों के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग जरूरी दवाइयों के लिए शहरभर में भटकते नजर आए।
इसी बीच महाराणा भूपाल हॉस्पिटल (एमबी हॉस्पिटल) के सामने एक मेडिकल स्टोर खुला मिलने पर विवाद की स्थिति बन गई। बंद का समर्थन कर रहे मेडिकल संचालकों का समूह मौके पर पहुंचा और स्टोर संचालक से दुकान बंद करने को कहा। इस दौरान दोनों पक्षों में तीखी बहसबाजी हुई। बाद में समझाइश के बाद मेडिकल स्टोर बंद कराया गया और मामला शांत हुआ।
उदयपुर डिस्ट्रिक्ट रिटेल केमिस्ट सोसाइटी के नेतृत्व में शहर के केमिस्टों ने श्रीनाथ प्लाजा से रैली निकाली। रैली एमबी हॉस्पिटल क्षेत्र से शुरू होकर कोर्ट चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने, कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा दवाइयों पर भारी छूट बंद कराने तथा नकली और नशीली दवाओं के कारोबार पर सख्त नियंत्रण की मांग की गई।
मेडिकल स्टोर संचालक देवीलाल सालवी ने कहा कि ऑनलाइन कंपनियां छोटे व्यापारियों का कारोबार खत्म कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारी छूट की आड़ में नकली और नशीली दवाओं का कारोबार बढ़ रहा है। साथ ही कई दवाइयों को निर्धारित तापमान में रखना जरूरी होता है, लेकिन ऑनलाइन सप्लाई में इन मानकों की अनदेखी की जाती है, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य पर भी खतरा बढ़ रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *