LOADING

Type to search

उदयपुर में अगले चार दिन भीषण लू का अलर्ट

Local

उदयपुर में अगले चार दिन भीषण लू का अलर्ट

Share

दोपहर में पॉश कॉलोनियों की सड़कें सूनी, गर्म हवाओं से बेहाल लोग; रातें भी रहेंगी गर्म
उदयपुर, 20 मई:
उदयपुर में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। दिन में चल रही गर्म हवाओं और तेज धूप ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि दोपहर बाद शहर की मुख्य सड़कें ही नहीं, बल्कि पॉश कॉलोनियों की 60 और 80 फीट चौड़ी सड़कें भी सूनी नजर आने लगी हैं। गर्मी का असर अब रातों में भी महसूस होने लगा है, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही।
शहर में सुबह 10 बजे के बाद तापमान तेजी से बढ़ने लगता है और दोपहर 11 से 12 बजे के बीच पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच जाता है। दोपहर 12 बजे के बाद सड़कों पर ट्रैफिक काफी कम हो जाता है और लोग छांव व ठंडी जगहों का सहारा लेते दिखाई देते हैं।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को उदयपुर का अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहा था। तापमान में मामूली गिरावट के बावजूद तेज धूप और गर्म हवाओं से लोगों को राहत नहीं मिल रही।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में लू की स्थिति बनी हुई है, जबकि जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। अरब सागर से आ रही नमी के कारण उदयपुर में हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन अगले तीन से चार दिन तक हीट वेव की स्थिति बनी रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने और रातें गर्म रहने का अनुमान है।
लू से बचाव के लिए रखें ये सावधानियां
दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें।
पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लें।
हल्के रंग और सूती कपड़े पहनें।
सिर को टोपी, गमछे या छाते से ढककर रखें।
बच्चों और बुजुर्गों को तेज धूप से दूर रखें।
खाली पेट बाहर नहीं निकलें और ओआरएस का सेवन करें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *