एक्सल टूटने से चलती बस पलटी, 10 घायल
Share
घायलों में आठ महिलाएं
प्रतापगढ़, 8 जुलाई: मध्यप्रदेश के पिपलोदा से प्रतापगढ़ आ रही एक निजी बस बुधवार सुबह मनोहरगढ़ पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में आठ महिलाओं समेत दस यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार बस में करीब 30 यात्री सवार थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बस का एक्सल टूटने के बाद चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर निजी वाहनों और 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली।
चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का उपचार जारी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
