एलीवेटेड रोड पर पेचवर्क का निगम उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण
Share
गुणवत्ता से समझौता नहीं, उदियापोल से शुरू मरम्मत कार्य अब पूरे शहर में होगा : डॉ. नरेश सोनी
उदयपुर, 10 जुलाई: मानसून के दौरान सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाए रखने के उद्देश्य से एलीवेटेड रोड पर चल रहे पेचवर्क कार्य का नगर निगम के उपायुक्त डॉ. नरेश सोनी ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सड़क मरम्मत की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री, सड़क की लेवलिंग और कार्य प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मरम्मत कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और तय समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश भी दिए।
डॉ. नरेश सोनी ने कहा कि सड़क मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पेचवर्क इस तरह किया जाए कि बारिश के मौसम में सड़कें सुरक्षित रहें और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि सड़क मरम्मत कार्य की शुरुआत उदियापोल क्षेत्र से की गई है और वर्तमान में एलीवेटेड रोड के आसपास के क्षतिग्रस्त हिस्सों पर तेजी से पेचवर्क कराया जा रहा है। यह कार्य पूरा होने के बाद शहर के अन्य प्रमुख मार्गों और विभिन्न क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से सड़क मरम्मत अभियान चलाया जाएगा।
गौरतलब है कि 8 जुलाई को जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने भी एलीवेटेड रोड क्षेत्र का निरीक्षण कर सड़क मरम्मत कार्य शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद नगर निगम ने यहां विशेष अभियान के तहत पेचवर्क शुरू कराया है। निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अभियंता अखिल गोयल, सहायक अभियंता सुनील प्रजापत सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
