जमीन विवाद में भतीजे ने ली चाचा की जान
Share
कहासुनी के बाद चाकू से हमला, मौके पर ही मौत; आरोपी हिरासत में
डूंगरपुर, 22 मई: डूंगरपुर शहर के चांदपोल मोहल्ले में गुरुवार देर रात जमीन विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। भतीजे ने अपने ही चाचा पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार चांदपोल निवासी सलीम का अपने भतीजे के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार रात दोनों के बीच फिर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आए भतीजे ने चाकू निकालकर सलीम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल सलीम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों और मोहल्ले के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभाले।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। वहीं त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी भतीजे को हिरासत में ले लिया गया। उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पुराना जमीन विवाद सामने आया है। मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।
