पुराने और गंभीर दर्द के इलाज में नई तकनीक
Share
गीतांजलि हॉस्पिटल में RFA सुविधा शुरू, चयनित मरीजों को घुटने, जोड़ों, रीढ़ और कैंसर संबंधी दर्द में मिल सकेगी राहत
उदयपुर, 1 सितम्बर: लंबे समय से दर्द से परेशान मरीजों के लिए राहत की नई उम्मीद जगी है। गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में रेडियोफ्रीक्वेंसी एब्लेशन (RFA) सुविधा शुरू की गई है। एनेस्थीसियोलॉजी, क्रिटिकल केयर एवं पेन मेडिसिन विभाग में 31 अगस्त को इस सुविधा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अंकित अग्रवाल ने किया। इस दौरान वरिष्ठ चिकित्सक और विभागीय फैकल्टी मौजूद रहे।
दवाओं से राहत नहीं मिलने पर विकल्प
विभागाध्यक्ष डॉ. अलका छाबड़ा ने बताया कि RFA उन चयनित मरीजों के उपचार का विकल्प है, जिन्हें दवाइयों और सामान्य उपचार से पर्याप्त राहत नहीं मिलती। इसका उपयोग घुटने व जोड़ों के पुराने दर्द, रीढ़ संबंधी दर्द तथा कैंसर से जुड़े दर्द में किया जा सकता है। उपचार का उद्देश्य दर्द कम करने के साथ मरीज की रोजमर्रा की गतिविधियों और जीवन की गुणवत्ता में सुधार करना है।
मरीज चयन में जांच जरूरी
कार्यक्रम में डॉ. चारु शर्मा ने RFA की कार्यप्रणाली, उपयोग, प्रक्रिया और उपचार के लिए उपयुक्त मरीजों के बारे में प्रस्तुति दी। चिकित्सकों ने बताया कि पुराने दर्द के मरीजों में सही जांच और उचित उपचार का चयन महत्वपूर्ण है। RFA की सुविधा शुरू होने से ऐसे मरीजों को दर्द प्रबंधन का एक और आधुनिक विकल्प उपलब्ध होगा।

