LOADING

Type to search

निकाय चुनाव से जुड़ी खबरें… निगम चुनाव में बागियों की चुनौती, Gen-Z पर भी दांव

political

निकाय चुनाव से जुड़ी खबरें… निगम चुनाव में बागियों की चुनौती, Gen-Z पर भी दांव

Share

कांग्रेस के 4 और भाजपा का 1 बागी मैदान में; दोनों दलों ने शुरू की मान-मनुहार, 8 युवा चेहरे भी आजमा रहे सियासी किस्मत
उदयपुर, 1 सितम्बर:
उदयपुर नगर निगम चुनाव में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही दोनों प्रमुख दलों के सामने बागियों को संभालने की चुनौती खड़ी हो गई है। कांग्रेस में चार और भाजपा में एक बागी उम्मीदवार ने निर्दलीय पर्चा भरा है। वहीं, दोनों दलों ने युवा चेहरों पर भी भरोसा जताते हुए Gen-Z पीढ़ी के आठ उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। इससे कई वार्डों में मुकाबला रोचक हो गया है।
कांग्रेस में चार बागी, भाजपा में एक
कांग्रेस के वार्ड 54 से देवेंद्र माली ने अमित श्रीवास्तव को टिकट दिए जाने के बाद निर्दलीय नामांकन भरा है। वार्ड 66 में पूर्व पार्षद संजय भगतानी ने सत्येंद्र चौधरी के खिलाफ पर्चा दाखिल किया। वार्ड 71 में मांगीलाल सुथार और वार्ड 51 में रवींद्र पाल कप्पू के बेटे आयुष अरोड़ा निर्दलीय मैदान में हैं। कांग्रेस शहर अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ ने बताया कि वरिष्ठ नेताओं को बागियों से बातचीत कर उन्हें मनाने की जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा में वार्ड 60 से पूर्व पार्षद कमल मेहता ने पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर पत्नी खुशबू मेहता को निर्दलीय उतारा है। यहां भाजपा ने सुषमा राणावत को टिकट दिया है। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ और प्रभारी बागियों से संपर्क करेंगे।
युवा चेहरों पर दोनों दलों का भरोसा
चुनाव में Gen-Z की भी मजबूत मौजूदगी दिख रही है। भाजपा ने वार्ड 38 से 26 वर्षीय इंटीरियर डिजाइनर प्रज्ञा पाटीदार और वार्ड 31 से 27 वर्षीय नसरीन बानो को टिकट दिया है। कांग्रेस ने वार्ड 55 से 23 वर्षीय बीए-एलएलबी छात्रा जैसिका राव और वार्ड 61 से 25 वर्षीय सीमा डांगी को मैदान में उतारा है। इसके अलावा कांग्रेस ने वार्ड 65 से किशन भील (27), वार्ड 62 से सविता गमेती (28), वार्ड 13 से उषा गमेती (23) और वार्ड 42 से खुशी गमेती (24) को टिकट दिया है। युवा उम्मीदवारों की मौजूदगी से चुनावी मुकाबले में नई पीढ़ी के मुद्दों और सोच की भी परीक्षा होगी।

बांसवाड़ा में ‘सड़क नहीं तो वोट नहीं’ का ऐलान

बांसवाड़ा, 1 सितम्बर: बांसवाड़ा शहर की खांदू कॉलोनी स्थित वार्ड नंबर 30 में सड़क और नालियों की बदहाल स्थिति को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय मतदाताओं ने साफ चेतावनी दी है कि सड़क निर्माण नहीं हुआ तो आगामी चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेंगे। लोगों का कहना है कि अब नेता वोट मांगने आए तो उन्हें बैरंग लौटाया जाएगा। वार्डवासियों के अनुसार जैन मंदिर सहित पूरे क्षेत्र में करीब 10 वर्षों से सड़क निर्माण के नाम पर केवल घोषणाएं और आश्वासन मिल रहे हैं। चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधि विकास के वादे करते हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। वर्ष 2023 में सड़क के लिए जेसीबी भी पहुंची थी और काम स्वीकृत होने की बात कही गई, लेकिन निर्माण शुरू नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि प्रशासन और जिला कलेक्टर को कई बार लिखित शिकायतें देने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। इससे नाराज मतदाताओं ने अब दोटूक कहा है कि सड़क बनने तक वे किसी भी चुनाव में वोट नहीं देंगे।

सलूंबर परिषद चुनाव में 75 प्रत्याशी मैदान में

सलूंबर, 1 सितम्बर: सलूंबर नगर परिषद के 25 वार्डों में होने वाले नगरीय निकाय चुनाव-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई है। रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम जगदीश चंद्र बामनिया ने वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी। 27 से 31 अगस्त तक हुई नामांकन पत्रों की जांच में कुल 108 में से 33 नामांकन खारिज कर दिए गए। अब 25 वार्डों में 75 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। भाजपा, कांग्रेस, भारत आदिवासी पार्टी (BAP) और निर्दलीय प्रत्याशियों के मैदान में होने से कई वार्डों में मुकाबला रोचक हो गया है। प्रत्याशी अब चुनाव प्रचार में जुट गए हैं और मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन मांग रहे हैं।

विधायक मीणा ने कहा, सत्तर वार्ड जीतेंगे



उदयपुर, 1 सितम्बर (फूलशंकर डामोर): भाजपा विधायक फूल सिंह मीणा ने मंगलवार को नेला रोड स्थित सो फीट रोड पर भाजपा पार्षद प्रत्याशी जितेंद्र सिंह शक्तावत के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा के 70 सीटों पर जीत दर्ज कर नगर निगम में बोर्ड बनाने का दावा किया। विधायक मीणा ने वार्ड 27, 46 और 71 में भाजपा प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों का भी उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अमृत मेनारिया, संतोष मेनारिया, ईश्वर गमेती और पूर्व सरपंच हजारी जैन सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे। मीणा ने कार्यकर्ताओं से प्रत्याशियों के पक्ष में जनसंपर्क तेज करने का आह्वान किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *