LOADING

Type to search

संक्षिप्त समाचार : नर्सिंग अधीक्षक पदस्थापन सूची जारी की जाए जल्द

Local

संक्षिप्त समाचार : नर्सिंग अधीक्षक पदस्थापन सूची जारी की जाए जल्द

Share

उदयपुर, 20 जून: राजस्थान नर्सिंग एसोसिएशन ने राज्य सरकार से डेफर नर्सिंग अधीक्षकों की पदस्थापन सूची शीघ्र जारी करने की मांग की है। जिलाध्यक्ष पवन कुमार दानाध्यक्ष एवं प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष परमार ने बताया कि हाल ही में जारी स्थायी नर्सिंग अधीक्षक सूची में कई अधिकारियों को महाराणा भूपाल चिकित्सालय और पन्नाधाय महिला चिकित्सालय में पदस्थापन दिया गया है, जबकि कुछ समकक्ष अधिकारी अभी भी प्रतीक्षा में हैं। संगठन ने सरकार से नई सूची जारी कर वंचित अधिकारियों को लाभान्वित करने की मांग की है। साथ ही स्थानीय प्रशासन से रिक्त पदों पर वरिष्ठता क्रम के आधार पर कार्यवाहक नर्सिंग अधीक्षक नियुक्त करने का आग्रह किया है। संगठन का कहना है कि इससे अस्पतालों में प्रशासनिक कार्यों को गति मिलेगी और रिक्त पदों की समस्या का समाधान होगा।

योगमय होगा उदयपुर, आज मनाया जाएगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
उदयपुर, 20 जून:
12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस रविवार को उदयपुर जिले में उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। जिला मुख्यालय से लेकर ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर तक सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित होंगे। जिला स्तरीय मुख्य समारोह महाराणा भूपाल स्टेडियम स्थित गांधी ग्राउंड में होगा, जहां जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी, पुलिस जवान, एनएसएस एवं स्काउट-गाइड स्वयंसेवक सहित बड़ी संख्या में नागरिक भाग लेंगे। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है, जिसके तहत वरिष्ठ नागरिकों की विशेष भागीदारी सुनिश्चित की गई है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी होगा। सुबह 7 बजे से 7:45 बजे तक योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा। फतहसागर और सहेलियों की बाड़ी में भी विशेष योग कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रशासन ने नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया है।

क्रिकेट से बढ़ा भाईचारा, युवाओं ने दिखाई खेल भावना


उदयपुर, 20 जून
: झूलेलाल युवा संघ द्वारा युवाओं में खेल भावना, स्वास्थ्य जागरूकता और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रात्रिकालीन मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में युवा सदस्य एवं समाजजन शामिल हुए। संघ के संस्थापक गिरीश राजानी ने बताया कि मैच की शुरुआत खिलाड़ियों के परिचय और उत्साहवर्धन के साथ हुई। पूरे मुकाबले में खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मैच का उपस्थित लोगों ने भरपूर आनंद लिया। उन्होंने कहा कि संघ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए भी प्रतिबद्ध है। समापन पर तुषार पाहुजा को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि दिव्यम तलरेजा और दिव्यांश परियानी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

दुर्गा सप्तशती पर शोध के लिए पीएचडी उपाधि
उदयपुर, 20 जून:
राजस्थान विद्यापीठ विश्वविद्यालय ने सामाजिक विज्ञान संकाय के शोधार्थी डॉ. जितेन्द्र कुमार त्रिवेदी को पीएचडी की उपाधि प्रदान की है। उन्हें “दुर्गा सप्तशती का वर्तमान परिप्रेक्ष्य में महत्व : ऊर्जा व उपचार” विषय पर शोध कार्य पूर्ण करने पर यह सम्मान मिला। डॉ. त्रिवेदी ने अपना शोध कार्य विभागाध्यक्ष डॉ. अलकनंदा शर्मा के निर्देशन में पूरा किया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कुलपति प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत ने उन्हें शोध उपाधि का प्रमाण-पत्र प्रदान किया।

धूणीमाता पर्वत पर गूंजे भक्ति के स्वर

उदयपुर, 20 जून: मेवाड़ के प्रसिद्ध शक्तिपीठ धूणीमाता पर्वत पर स्थित श्री हिंगलाज भैरव भवानी एवं धूणेश्वर धाम में दो दिवसीय पाटोत्सव और ध्वजा धारण कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। प्रथम दिवस विशाल भजन संध्या आयोजित हुई, जिसमें पूर्व राज्यमंत्री एवं इंटक प्रदेशाध्यक्ष जगदीश राज श्रीमाली ने संत-महात्माओं का सम्मान किया। रात्रि भर चले भजनों में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर रहे। दूसरे दिन हवन-यज्ञ एवं पूर्णाहुति का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। ध्वजा धारण के बाद महाप्रसादी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संत रतनगिरि, इन्द्रदेव दास, नारायण दास, चेतनानंद सहित अनेक संतों का सम्मान किया गया। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई।

जीजा-साली से मारपीट कर मोबाइल लूटा
डूंगरपुर, 20 जून:
रामसागड़ा थाना क्षेत्र में चार अज्ञात बदमाशों ने जीजा-साली को रोककर मारपीट की और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घटना में घायल दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार गामड़ी अहाड़ा निवासी पीयूष अपनी साली आस्था को ससुराल से घर लेकर लौट रहा था। रास्ते में एक बाइक पर आए चार बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली और रुपए व मोबाइल की मांग की। विरोध करने पर बदमाशों ने मोबाइल छीन लिए तथा दोनों के साथ मारपीट की। आरोपियों ने आस्था का गला दबाकर उसे खेतों में फेंक दिया और पत्थरों तथा लात-घूसों से हमला किया। घायल पीयूष किसी तरह साली को लेकर पीएचसी पहुंचा, जहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पेट्रोल टैंकर की टक्कर से मजदूर की मौत
प्रतापगढ़, 20 जून
: नेशनल हाईवे-56 पर मोटा मायंगा के निकट हुए सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान सुहागपुरा निवासी 40 वर्षीय राजमल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार राजमल घरेलू सामान खरीदकर बाइक से गांव लौट रहा था, तभी प्रतापगढ़ से बांसवाड़ा जा रहे पेट्रोल टैंकर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल राजमल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि राजमल मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में एक बेटा और चार बेटियां हैं। हादसे के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। पुलिस ने टैंकर चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *