संक्षिप्त समाचार
Share
2 माह से फरार बाइक चोर गिरफ्तार
उदयपुर, 15 जून: बाघपुरा थाना पुलिस ने दो माह से फरार चल रहे शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी और घर लौटते ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। थानाधिकारी वेलाराम ने बताया कि खाटी कमदी निवासी गोविंद सिंह सारंगदेवोत को गिरफ्तार किया गया है। 22 अप्रैल को घाटीवसाला निवासी मोहन मुसिया ने अपनी स्प्लेंडर बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी गोविंद बाइक लेकर फरार हो गया था। पूर्व में गिरफ्तार आरोपी नरेश की निशानदेही पर बाइक बरामद कर ली गई थी। पुलिस अब आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
स्क्रैप गोदाम में लगी भीषण आग
उदयपुर, 15 जून: कलडवास रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पैरागोन एसोसिएट के स्क्रैप गोदाम में देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग की लपटें और धुएं के गुबार दूर तक दिखाई दिए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी नवदीप बग्गा ने बताया कि गोदाम संचालक को पूर्व में अग्नि सुरक्षा मानकों की पालना के लिए नोटिस दिया गया था, लेकिन आवश्यक उपकरण नहीं लगाए गए। विभाग ने कार्रवाई की चेतावनी दी है।
वलसाड़ हादसे में डूंगरपुर के चालक की मौत
डूंगरपुर, 15 जून: गुजरात के वलसाड़ जिले में हुए सड़क हादसे में डूंगरपुर निवासी ट्रेलर चालक की मौत हो गई, जबकि हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। नासिक रोड स्थित कपड़वा घाट की ढलान पर लोहे की प्लेटों से भरा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होना हादसे का कारण माना जा रहा है। मृतक की पहचान धोधरा ग्राम पंचायत के मेंतवाला फला निवासी मोहनलाल डामोर के रूप में हुई। हादसे के बाद चालक वाहन के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घायल हेल्पर का अहमदाबाद में उपचार जारी है।
33 किलो डोडाचूरा जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
प्रतापगढ़, 15 जून: ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत प्रतापगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। धरियावद थाना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई में 33 किलो 280 ग्राम अफीम डोडाचूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बोलेरो पिकअप और बाइक भी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उमेश लबाना निवासी करमदीखेड़ा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने फरार चालक को अपना पिता अरविंद लबाना बताया। पुलिस ने पिकअप की तलाशी के दौरान फर्श के नीचे बने विशेष गुप्त खांचे से डोडाचूरा बरामद किया। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए शिविर
उदयपुर, 15 जून: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर बलीचा स्थित राजकीय वृद्धाश्रम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला जागृति इकाई समिति के सदस्य सौरभ गुप्ता ने वरिष्ठजनों को उनके अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और निशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी। शिविर में वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम 2007 सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में करीब 30 वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। वृद्धाश्रम प्रबंधन और समिति सदस्यों ने भी वरिष्ठ नागरिकों को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया।
