LOADING

Type to search

बाइक को धक्का देने की बात पर नर्सिंग छात्र ने कर दी दोस्त की हत्या

crime

बाइक को धक्का देने की बात पर नर्सिंग छात्र ने कर दी दोस्त की हत्या

Share

बाइक ठीक कराने निकले छात्र की चाकू मारकर हत्या, आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर परिजन मोर्चरी के बाहर धरने पर
उदयपुर, 9 जुलाई:
शहर के सबीना क्षेत्र में बुधवार रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बाइक को धक्का देने की बात को लेकर हुए झगड़े में एक युवक ने अपने ही दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, जबकि परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए।
मृतक की पहचान डाकन कोटड़ा स्थित वागड़ नर्सिंग कॉलेज के द्वितीय वर्ष के छात्र दिनेश मीणा (23) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दिनेश बुधवार शाम करीब 6 बजे बाइक ठीक कराने की बात कहकर घर से निकला था।


रात करीब 11 बजे सेक्टर-14 स्थित श्रीराम अपार्टमेंट के पास दिनेश और उसके दोस्त ललित गमेती के बीच बाइक को धक्का देने की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर गुस्से में ललित ने दिनेश पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दिनेश को एक अन्य दोस्त अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और समाज के लोग बड़ी संख्या में एमबी हॉस्पिटल पहुंच गए और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। परिजनों ने साफ कहा है कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होगी, तब तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे।
थानाधिकारी गजवीर सिंह सोलंकी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। साथ ही परिजनों को समझाइश देने का प्रयास भी किया जा रहा है।
मां से कहा था “थोड़ी देर में आ रहा हूं।”
मृतक की मां सूरज ने बताया कि रात करीब 9 बजे उनकी बेटे से आखिरी बार बात हुई थी। उन्होंने घर आने के बारे में पूछा तो दिनेश ने कहा था, “थोड़ी देर में आ रहा हूं।” लेकिन कुछ ही घंटों बाद अस्पताल से उसके निधन की दुखद सूचना मिल गई। आरोपी ललित गमेती भी उसी गांव का निवासी बताया जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *