LOADING

Type to search

स्वतंत्रता दिवस पूर्व संध्या पर ‘धरोहर’ में गूंजा राष्ट्रप्रेम

socal

स्वतंत्रता दिवस पूर्व संध्या पर ‘धरोहर’ में गूंजा राष्ट्रप्रेम

Share

द्रौपदी चीरहरण प्रसंग के प्रभावी मंचन के साथ रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां
उदयपुर, 14 अगस्त:
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की ओर से शुक्रवार को टाउन हॉल स्थित मुखाड़िया रंगमंच पर ‘धरोहर’ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों की देशभक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, जगदीश चौक की ओर से संस्था प्रधान दुर्गेश कुमारी शर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन एवं ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा रहे। जिलाध्यक्ष शहर गजपाल सिंह राठौड़ सहित जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
द्रौपदी चीरहरण का मंचन रहा आकर्षण
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण महाभारत के द्रौपदी चीरहरण प्रसंग का प्रभावशाली नाट्य मंचन रहा। कलाकारों ने सशक्त अभिनय के जरिए नारी सम्मान, धर्म, न्याय और अधर्म के विरोध का संदेश दिया। प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
विद्यार्थियों ने ‘वंदे मातरम्’, देशभक्ति समूह नृत्य, राजस्थानी लोकनृत्य, ‘विविधता में एकता’ और ‘नृत्य तिरंगा’ सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं। शहीदों को समर्पित प्रस्तुति के साथ उनके परिजनों का सम्मान भी किया गया।
मुख्य मीडिया प्रभारी राव गोपाल सिंह आसोलिया ने बताया कि ‘धरोहर’ का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, गौरवशाली विरासत, स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों और राष्ट्रप्रेम से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों के माध्यम से नारी सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का प्रभावी संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन जगदीश जाट और नेहा झालानी ने संयुक्त रूप से किया। मुख्य अतिथियों एवं अधिकारियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। समापन पर प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *