LOADING

Type to search

पुलिस ने 11 करोड़ का नशा जलाया

crime

पुलिस ने 11 करोड़ का नशा जलाया

Share

चित्तौड़गढ़, 30 मई: चित्तौड़गढ़ पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में जब्त मादक पदार्थों को नष्ट कर दिया। जिला पुलिस एवं जिला औषधि व्ययन समिति की मौजूदगी में थाना शंभूपुरा क्षेत्र के सावा स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट की कीलन में डोडाचूरा, गांजा, स्मैक और एमडीएमए जलाए गए। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले के 17 थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के 48 मामलों में जब्त नशा लंबे समय से मालखानों में रखा था। न्यायालय की अनुमति और भौतिक सत्यापन के बाद 65 क्विंटल 76 किलो डोडाचूरा, 34 किलो गांजा, 996 ग्राम एमडीएमए और 135 ग्राम स्मैक नष्ट की गई। इसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 11 करोड़ रुपए आंकी गई है।

अब बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल

राजसमंद, 30 मई: जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और दोपहिया चालकों की मौतों को देखते हुए पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। एसपी हेमंत कलाल के निर्देश पर अब सभी पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने पेट्रोलियम डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन से सहयोग की अपील करते हुए ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ अभियान लागू करने के निर्देश दिए हैं। सभी पेट्रोल पंपों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएंगे और नियमों की सख्ती से पालना करवाई जाएगी। एसपी कार्यालय द्वारा 28 मई को जारी पत्र में कहा गया है कि हेलमेट के उपयोग से सड़क हादसों में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों में कमी लाई जा सकती है। अभियान को जन-जागरूकता से भी जोड़ा जाएगा।

नाकाबंदी में तीन बदमाश हथियारों सहित गिरफ्तार

राजसमंद, 30 मई: खमनोर थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने और सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एसपी हेमंत कलाल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हरिदासजी का गुडा स्थित झालों की मंदार के पास नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके कब्जे से दो अवैध देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैलाश सिंह उर्फ खुशी, हेमेन्द्र सिंह उर्फ सूर्या और मोहनसिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों कथित रूप से ‘लाला इलेवन गैंग’ से जुड़े हैं। मामले की जांच जारी है।

दिल्ली पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया


बांसवाड़ा, 30 मई: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शुक्रवार देर रात बांसवाड़ा के राजतालाब थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया। चूना भट्टी इलाके में स्थानीय पुलिस के सहयोग से की गई कार्रवाई में फरहान उर्फ दानिश (25) को पकड़ा गया, जिसे बाद में दिल्ली ले जाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फरहान मूल रूप से बांसवाड़ा का निवासी है और मुंबई में ओला कैब चालक के रूप में कार्य करता था। पुलिस सूत्रों के अनुसार वह आंतरिक सुरक्षा को प्रभावित करने वाली संदिग्ध गतिविधियों और देशविरोधी तत्वों के संपर्क में आया था। पिछले सात महीनों से वह अपनी बहन के घर रह रहा था। मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा गहन पूछताछ की जा रही है।

438 लीटर मिलावटी पेट्रोल जब्त


प्रतापगढ़, 30 मई: जिले में अवैध पेट्रोलियम कारोबार के खिलाफ डीएसटी टीम और रसद विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 438 लीटर मिलावटी पेट्रोल जब्त किया है। नीमच की ओर से आ रही एक मारुति ईको वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें रखे दो ड्रमों में संदिग्ध पेट्रोलियम पदार्थ मिला। जिला रसद अधिकारी रामचन्द्र शेरावत के नेतृत्व में की गई जांच में पेट्रोल में मिलावट की पुष्टि हुई। टीम ने शुभम पुत्र विक्रम गोड़ के कब्जे से यह माल जब्त कर लिया। प्रवर्तन निरीक्षक प्रद्युम्न नाथ रावल ने रठांजना थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मिलावटी पेट्रोल की आपूर्ति कहां की जानी थी और इसके नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं।

1.10 लाख की अवैध शराब बरामद, 3 तस्कर गिरफ्तार

डूंगरपुर (ब्यूरो): डूंगरपुर जिले की चौरासी थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक इको कार से 1 लाख 10 हजार रुपए मूल्य की अंग्रेजी शराब बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 71 बोतल और 82 पव्वे अंग्रेजी शराब के साथ वाहन भी जब्त किया है। थानाधिकारी भंवरसिंह ने बताया कि वेंजा चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने पर स्टेट हाईवे-54 पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान संदिग्ध इको कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच में कार के पिछले हिस्से में विशेष रूप से बनाया गया गुप्त केबिन मिला, जिसमें विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी। पूछताछ में आरोपियों ने शराब उदयपुर से खरीदकर गुजरात ले जाना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अहमदाबाद निवासी किंजल भाई सोलंकी तथा अरावली जिले के दो निवासी शामिल हैं। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *