1 से 7 जून तक निःशुल्क प्रशिक्षण एवं सेवा शिविर
Share
आत्मरक्षा, स्वास्थ्य, योग, ध्यान और आध्यात्मिक गतिविधियों से मिलेगा लाभ
उदयपुर, 30 मई: रोटरी क्लब अशोका, बीइंग मानव एवं मेवाड़ शक्ति कल्याण ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में 1 से 7 जून तक सात दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर प्रतिदिन शाम 4 बजे से 6 बजे तक अशोका पैलेस स्थित मधुश्री बैंक्वेट हॉल में आयोजित होगा। शिविर का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाना है।
रोटरी क्लब अशोका के अध्यक्ष रोटेरियन राहुल माखिजा ने बताया कि शिविर में आत्मरक्षा, स्वास्थ्य, योग, ध्यान तथा आध्यात्मिक विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं।
संस्थापक अध्यक्ष रोटेरियन मुकेश माधवानी ने बताया कि 1 से 3 जून तक प्रसिद्ध प्रशिक्षक एवं पहलवान गोपीशंकर करोसिया आत्मरक्षा एवं तलवार प्रशिक्षण देंगे। 4 जून को डॉ. जितेन्द्र मेघवाल एवं उनकी टीम द्वारा आयुर्वेदिक स्वास्थ्य जांच, उपचार और परामर्श प्रदान किया जाएगा। 5 जून को डॉ. मीनाक्षी पालीवाल एवं डॉ. किरण पालीवाल के निर्देशन में योग एवं व्यायाम सत्र आयोजित होगा।
शिविर प्रभारी राजश्री सिसोदिया ने बताया कि 6 जून को विशेष मेडिटेशन सत्र में तनावमुक्त जीवन के लिए ध्यान की विभिन्न तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। 7 जून को समापन अवसर पर आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें भजन गायक पंडित सत्यनारायण चौबीसा संगीतमय प्रस्तुति देंगे।
मेवाड़ शक्ति कल्याण ट्रस्ट की संस्थापिका बसंती वैष्णव ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की।
