प्रशांत सोनी ने 33 गेंदों में जड़ा शतक
Share
एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर को 82 रन से हराया, आरएनटी स्पोर्ट्स क्लब ने बनाया टूर्नामेंट का रिकॉर्ड स्कोर
उदयपुर, 9 अक्टूबर: सातवीं राज्य स्तरीय नर्सेज एवं पैरामेडिकल क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 में आरएनटी मेडिकल कॉलेज उदयपुर की आरएनटी स्पोर्ट्स क्लब टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर को 82 रन से हरा दिया। मुकाबले में प्रशांत सोनी ने 33 गेंदों में शतक जड़कर प्रतियोगिता का पहला शतक बनाया। वहीं, टीम ने 10 ओवर में दो विकेट पर 179 रन बनाकर टूर्नामेंट का अब तक का सर्वाधिक स्कोर दर्ज किया।
नरेश पूर्बिया ने बताया कि आरएनटी स्पोर्ट्स क्लब के कप्तान गुलाम नबी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम की ओर से प्रशांत सोनी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए अपनी पारी में 11 चौके और सात छक्के लगाए। गौरव सिंह ने भी 10 गेंदों में दो छक्कों और चार चौकों की मदद से 29 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों की पारियों से टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर की टीम निर्धारित 10 ओवर में आठ विकेट पर 97 रन ही बना सकी। आरएनटी स्पोर्ट्स क्लब की ओर से पियूष शर्मा और प्रशांत सोनी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि सावरेस, मुकेश रेगर और दिलीप यादव ने एक-एक विकेट हासिल किया। इस तरह उदयपुर की टीम ने 82 रन से जीत दर्ज की।
कप्तान गुलाम नबी ने खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयास, अनुशासन और टीमवर्क की सराहना करते हुए प्रशांत सोनी को प्रतियोगिता का पहला शतक लगाने पर बधाई दी। मुकाबले में प्रशांत का शतक, टीम का बड़ा स्कोर और गेंदबाजों का प्रदर्शन मुख्य आकर्षण रहे।

