भारी बारिश और भूस्खलन से रेल यातायात प्रभावित, पांच ट्रेनों के मार्ग बदले
Share
उदयपुर-मैसूर सहित कई लंबी दूरी की रेल सेवाएं डायवर्ट, यात्रियों से अपडेट लेने की अपील
उदयपुर, 7 जुलाई: महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन का असर अब रेल यातायात पर भी दिखाई देने लगा है। पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल तथा मध्य रेलवे के दक्षिण-पूर्व घाट सेक्शन में जलभराव और भूस्खलन के कारण कई रेल सेवाओं का संचालन प्रभावित हुआ है। इसके चलते उत्तर पश्चिम रेलवे ने पांच महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्गों में अस्थायी परिवर्तन किया है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि जोधपुर-हड़पसर एक्सप्रेस, उदयपुर सिटी-मैसूर एक्सप्रेस, मदार-मैसूर स्पेशल, श्रीगंगानगर-तिरुचिरापल्ली एक्सप्रेस तथा यशवंतपुर-बाड़मेर एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जा रहा है। ये रेल सेवाएं अब सूरत, पालधी, जलगांव, मनमाड, दौंड और पुणे होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होने तक स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
