राजस्थान विद्यापीठ: हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों में सहमति, सारंगदेवोत का इस्तीफा
Share
उदयपुर, 22 अगस्त: जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ के कार्यकारी कुलपति प्रो. शिवसिंह सारंगदेवोत ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कुलपति पद को लेकर चल रहे विवाद के बीच जोधपुर हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद उन्होंने 21 अगस्त को त्यागपत्र सौंप दिया। इसके साथ ही विद्यापीठ में कुलपति पद को लेकर चल रहा विवाद समाप्त हो गया।
मामला उस समय सामने आया था जब विद्यापीठ के कुलाधिपति भंवरलाल गुर्जर की ओर से 14 अगस्त को आदेश जारी कर प्रो. सारंगदेवोत को कार्यकारी कुलपति पद से हटाया गया था। इस आदेश को प्रो. सारंगदेवोत ने जोधपुर हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। मामले की सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी।
सहमति के अनुसार प्रो. सारंगदेवोत के 21 अगस्त को दिए गए त्यागपत्र को 15 अगस्त से प्रभावी माना गया। साथ ही 16 अगस्त से प्रो. मंजू मांडोत की नियुक्ति को स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर प्रकरण का निस्तारण कर दिया।
प्रो. मंजू मांडोत संभालेंगी जिम्मेदारी
अब प्रो. मंजू मांडोत राजस्थान विद्यापीठ की नई कुलपति के रूप में पदभार संभालेंगी। उनके पदभार संभालने के साथ ही विद्यापीठ के प्रशासनिक कामकाज को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। कुलपति पद को लेकर पिछले दिनों चले घटनाक्रम के बाद अब न्यायालय में भी मामला समाप्त हो गया है। दोनों पक्षों की सहमति से हुए समाधान के बाद विद्यापीठ में प्रशासनिक व्यवस्था स्पष्ट हो गई है।

