LOADING

Type to search

बेकाबू टैंकर का कहर: 12 वाहनों को मारी टक्कर, 6 घायल

Local

बेकाबू टैंकर का कहर: 12 वाहनों को मारी टक्कर, 6 घायल

Share

देबारी हाईवे पर मचा हड़कंप, दो कार और बाइक बुरी तरह पिचकी

उदयपुर, 2 अप्रैल:
उदयपुर में गुरुवार को एक बेकाबू टैंकर ने देबारी हाईवे पर भीषण हादसा कर दिया। तेज रफ्तार टैंकर ने एक के बाद एक 12 से अधिक वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो कारें और एक बाइक बुरी तरह पिचक गईं। हादसे के बाद कई वाहन आपस में भिड़ते चले गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना प्रतापनगर थाना क्षेत्र में पावर हाउस के सामने की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटाकर खुलवाया गया।
प्रतापनगर थानाधिकारी पूरण सिंह राजपुरोहित के अनुसार, टैंकर ने 4 से 5 कारों, लोडिंग टेंपो और बाइक समेत 12 से ज्यादा वाहनों को चपेट में लिया। इस हादसे में करीब 6 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक जांच में टैंकर के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

सुबह भी हुआ बड़ा हादसा: केमिकल टैंकर पलटा
इससे पहले गुरुवार सुबह उदयपुर-चित्तौड़गढ़ नेशनल हाईवे पर एक केमिकल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। प्रतापनगर थाना क्षेत्र में पावर हाउस स्थित आर्ची गैलेक्सी के सामने हुए इस हादसे में टायर फटने के बाद टैंकर डिवाइडर से टकराया और रॉन्ग साइड जाकर सड़क पर पलट गया। हादसे में टैंकर और केबिन अलग-अलग होकर सड़क के दोनों ओर जा गिरे, जिससे केमिकल का रिसाव शुरू हो गया और स्थिति खतरनाक बन गई। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर ट्रैफिक रोक दिया गया।
गनीमत रही कि उस समय हाईवे पर यातायात कम था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। एक कार चपेट में आने से बाल-बाल बच गई, जबकि टैंकर चालक को मामूली चोट आई। पुलिस ने केमिकल को साफ करवा कर मार्ग को सुरक्षित बनाया और कुछ देर बाद यातायात सुचारू किया।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *