संदीप बापना बने यूसीसीआई के नए अध्यक्ष
Share
वार्षिक साधारण सभा में हुआ निर्वाचन, उद्योग एवं व्यापारिक समस्याओं के समाधान को बताया प्राथमिकता
उदयपुर, 10 जून : उदयपुर चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (यूसीसीआई) की वार्षिक साधारण सभा बुधवार को यूसीसीआई भवन स्थित पी.पी. सिंघल ऑडिटोरियम में आयोजित हुई। सभा के बाद वर्ष 2026-27 के लिए हुए चुनाव में हारमनी प्लास्टिक्स के संदीप बापना यूसीसीआई के नए अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। वहीं शिल्पा ट्रेड लिंक्स के अंशुल मोगरा वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा नाकोड़ा मार्बल इंडस्ट्रीज के कपिल सुराणा उपाध्यक्ष चुने गए।
सभा की शुरुआत में अध्यक्ष मनीष गलुण्डिया ने वर्ष 2025-26 की गतिविधियों एवं उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। मानद महासचिव आशीष छाबड़ा ने पिछली वार्षिक सभा की कार्यवाही का अनुमोदन कराया, जबकि मानद कोषाध्यक्षा हसीना चक्कीवाला ने ऑडिटेड लेखा-जोखा एवं आगामी वर्ष का बजट प्रस्तुत किया, जिसे सदन ने स्वीकृति प्रदान की।
दोपहर 1 से 4 बजे तक ऑनलाइन मतदान के बाद चुनाव अधिकारी बी.आर. भाटी ने परिणामों की घोषणा की। विभिन्न श्रेणियों में कार्यकारिणी समिति के सदस्यों का भी निर्वाचन किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष संदीप बापना ने कहा कि उद्योग जगत और शासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने उद्यमिता को बढ़ावा देने, लघु उद्योगों को सशक्त बनाने, प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने तथा सरकारी विभागों में यूसीसीआई का प्रभावी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंशुल मोगरा ने चुनाव अधिकारी बी.आर. भाटी, उनकी टीम, पूर्व अध्यक्षों और सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
