वरिष्ठ साहित्यकार उषा रानी का साहित्यिक योगदान सम्मानित
Share
पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र ने प्रशंसा-पत्र देकर किया सम्मान, 638 से अधिक कहानियां प्रकाशित
उदयपुर, 5 अगस्त: शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका एवं वरिष्ठ साहित्यकार उषा रानी को पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र ने प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। केंद्र निदेशक अश्विन दलवी की ओर से जारी प्रशंसा-पत्र में उनके दीर्घकालीन शिक्षकीय जीवन और हिंदी साहित्य में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की गई।
प्रशंसा-पत्र के अनुसार 11 दिसंबर 1949 को जन्मी उषा रानी ने शिक्षण के साथ साहित्य साधना को निरंतर आगे बढ़ाया। उनकी 100 से अधिक कहानियों का प्रसारण आकाशवाणी बीकानेर और जयपुर केंद्रों से हो चुका है, जबकि युववाणी कार्यक्रम में उनकी अनेक साहित्यिक वार्ताएं भी प्रसारित हुई हैं। उनकी 638 से अधिक कहानियां देश की प्रतिष्ठित हिंदी पत्र-पत्रिकाओं और समाचार-पत्रों में प्रकाशित हो चुकी हैं। सामाजिक सरोकार, मानवीय मूल्य, नारी सशक्तिकरण और संस्कार उनकी रचनाओं के प्रमुख विषय रहे हैं। केंद्र ने उनके साहित्यिक अवदान को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए सम्मानित किया।

