रामसर साइट मेनार में सीवरेज का संकट
Share
तालाबों में गंदा पानी पहुंचने का आरोप; कीचड़ भरे रास्ते से स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, शिकायत निस्तारण पर भी सवाल
वल्लभनगर, 21 अगस्त (माधव मेनारिया): अंतरराष्ट्रीय रामसर साइट और ‘बर्ड विलेज’ के रूप में प्रसिद्ध मेनार में सीवरेज व्यवस्था की बदहाली से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत की लापरवाही के चलते गंदा पानी ब्रह्म और दंड तालाबों तक पहुंच रहा है। यही तालाब प्रवासी पक्षियों के प्रमुख ठिकाने हैं। हालात नहीं सुधरने पर पर्यावरण और गांव की वैश्विक पहचान प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
जागरूक नागरिकों ने मुख्यमंत्री संपर्क पोर्टल 181 पर समस्या की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि जिम्मेदारों ने मौके पर प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय शिकायत को ‘गलत और भ्रामक’ बताकर निस्तारित कर दिया। ग्रामीणों ने इस पर सवाल उठाए हैं।
स्कूल के पास कीचड़ और गंदा पानी
गांव का मुख्य मार्ग और प्रसिद्ध ‘राम रास्ता’ कीचड़ व सीवरेज के पानी से प्रभावित है। पास ही सरकारी विद्यालय होने से बच्चों को रोजाना गंदे पानी और कीचड़ के बीच से गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल सफाई, सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त कराने और तालाबों को प्रदूषण से बचाने की मांग की है।

