12 वर्षों की विकास यात्रा प्रदर्शित
Share
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित हुए : प्रभारी मंत्री
उदयपुर, 12 जून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पीएम पद पर 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला प्रशासन एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ का शुक्रवार को सूचना केंद्र सभागार में शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और उपलब्धियों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी का उद्घाटन राजस्व एवं उपनिवेशन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री हेमंत मीणा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनसेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। पिछले 12 वर्षों में सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी प्रयास हुआ है। उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
प्रदर्शनी में आधारभूत संरचना, डिजिटल तकनीक, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विकास कार्यों को प्रदर्शित किया गया है। उद्घाटन के बाद अतिथियों ने विभिन्न प्रदर्श पैनलों का अवलोकन किया और प्रदर्शित सामग्री की सराहना की। बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने भी प्रदर्शनी देखकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।
