LOADING

Type to search

निकाय चुनाव में सिंधी समाज ने मांगा प्रतिनिधित्व

political

निकाय चुनाव में सिंधी समाज ने मांगा प्रतिनिधित्व

Share

सांसद डॉ. मन्नालाल रावत से मिले समाजजन,भाजपा से पार्षद टिकट में प्राथमिकता की मांग
396 वंचित परिवारों को भूखंड दिलाने और संगठन में भागीदारी का उठाया मुद्दा
उदयपुर, 26 जुलाई:
झूलेलाल भवन, शक्तिनगर में सिंधी समाज ने उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत का स्वागत कर नगर निगम चुनाव में समाज को उचित प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई। पूर्व राज्यमंत्री हरीश राजानी ने कहा कि जवाहर नगर, सेक्टर-4, सेक्टर-8, सेक्टर-11, शक्तिनगर और प्रतापनगर क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े सक्रिय सिंधी कार्यकर्ताओं को पार्षद पद के टिकट में प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने दावा किया कि समाज का अधिकांश वर्ग भाजपा से जुड़ा है और उचित प्रतिनिधित्व मिलने पर पूरी एकजुटता से पार्टी का समर्थन करेगा।
सांसद डॉ. रावत ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया शुरू होने पर पार्टी के सक्रिय एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान और प्राथमिकता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने भूपाल हाउसिंग सोसायटी, प्रतापनगर के 396 वंचित सिंधी परिवारों को भूखंड आवंटित कराने संबंधी ज्ञापन भी सौंपा। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1948 में पुनर्वास के लिए दी गई भूमि पर समय के साथ अतिक्रमण और विवाद होने से सैकड़ों परिवार आज भी अपने वैधानिक भूखंडों से वंचित हैं। यूडीए द्वारा कुछ पट्टे जारी किए जाने के बावजूद कब्जा नहीं मिल पाया है।
सांसद ने आश्वस्त किया कि इस मामले में संभागीय आयुक्त, यूडीए और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान का प्रयास किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कराई जाएगी। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *