डूंगरपुर में तस्कर कार छोड़ भागे, 47 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब जब्त
Share
जयपुर में भी कार की डिक्की से हरियाणा में बिक्री के लिए ले जाई जा रही शराब बरामद, प्रदेश में अभियान के तहत 601 मामले दर्ज
उदयपुर, 20 सितम्बर: अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत आबकारी विभाग ने डूंगरपुर और जयपुर में कार्रवाई करते हुए दो कारों से अवैध अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की है। डूंगरपुर में आबकारी टीम का पीछा करने पर तस्कर क्रेटा कार को एकांत स्थान पर छोड़कर फरार हो गए। कार की तलाशी में पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब के 47 कार्टन बरामद हुए।
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत डूंगरपुर एवं सागवाड़ा की संयुक्त टीम ने हाईवे पर संदिग्ध क्रेटा कार को रुकवाने का प्रयास किया। टीम को पीछे आता देख चालक कार छोड़कर भाग निकला। तलाशी में रॉयल चैलेंज और ऑल सीजन व्हिस्की के पव्वे व बोतलें मिलीं। आबकारी विभाग ने शराब और वाहन जब्त कर विशेष अभियोग दर्ज किया है।
जयपुर में भी कार से शराब जब्त
जयपुर शहर में सघन नाकाबंदी के दौरान आमेर रोड पर रेनॉल्ट काइगर कार की जांच की गई। कार की डिक्की में दो कार्टन से ओकस्मिथ गोल्ड अंग्रेजी शराब की 24 बोतल और एक अन्य कार्टन से 100 पाइपर की 12 बोतल बरामद हुईं। शराब पर ‘फोर सेल इन हरियाणा’ अंकित था। विभाग ने वाहन जब्त कर अभियोग दर्ज किया।
19 सितंबर तक 601 अभियोग, 218 गिरफ्तार
विशेष अभियान के तहत 19 सितंबर तक प्रदेश में 601 अभियोग दर्ज किए गए और 218 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में 1453 लीटर देशी मदिरा, 7332 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा, 413 लीटर बीयर, 4617 लीटर हथकड़ शराब और 350 लीटर स्प्रिट जब्त की गई। इसके अलावा 1,79,356 लीटर वॉश नष्ट किया गया। अभियान में 27 वाहन भी जब्त किए गए हैं। हनुमानगढ़ में कार्रवाई के दौरान 500 लीटर वॉश के साथ दो भट्टियां नष्ट की गईं और 15 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त की गई। आबकारी विभाग के अनुसार प्रदेशभर में नाकाबंदी, दबिश और गश्त के जरिए अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

