LOADING

Type to search

सांवलियाजी को चढ़ाया 1.2 किलो चांदी का सीमेंट प्लांट मॉडल

socal

सांवलियाजी को चढ़ाया 1.2 किलो चांदी का सीमेंट प्लांट मॉडल

Share

कारोबार में सफलता की मन्नत पूरी होने पर निम्बाहेड़ा के व्यापारी ने परिवार संग 40 किमी पैदल चलकर चढ़ाई भेंट
उदयपुर, 20 सितम्बर:
कारोबार में सफलता की मन्नत पूरी होने पर निम्बाहेड़ा के व्यापारी धर्मराज बंजारा ने भगवान सांवलिया सेठ को 1 किलो 200 ग्राम चांदी से बना जेके सीमेंट प्लांट का मॉडल भेंट किया। करीब 2 लाख 40 हजार रुपए कीमत के इस मॉडल को लेकर धर्मराज शुक्रवार देर रात परिवार, रिश्तेदारों और मित्रों के साथ निम्बाहेड़ा से पैदल रवाना हुए और करीब 40 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर शनिवार सुबह सांवलिया सेठ मंदिर पहुंचे।
धर्मराज ने बताया कि उनकी फर्म वेदांश एंटरप्राइजेज वर्ष 2017 से जेके सीमेंट कंपनी में ठेके लेती है। उन्होंने संकल्प लिया था कि कारोबार अच्छी तरह चलने और मनोकामना पूरी होने पर भगवान को उनके व्यवसाय से जुड़ी विशेष भेंट चढ़ाएंगे। इसी संकल्प के तहत जेके सीमेंट प्लांट की चांदी की प्रतिकृति बनवाई गई।
रास्तेभर गूंजते रहे सांवलिया सेठ के जयकारे
परिवार और रिश्तेदारों के साथ निकली पैदल यात्रा के दौरान डीजे पर भक्ति गीत बजते रहे और श्रद्धालु सांवलिया सेठ के जयकारे लगाते हुए मंदिर पहुंचे। धर्मराज ने कहा कि यह यात्रा उनके लिए केवल पैदल चलना नहीं, बल्कि भगवान के प्रति आभार व्यक्त करने का माध्यम थी।
धर्मराज के अनुसार बचपन से ही माता-पिता के साथ सांवलिया सेठ के दर्शन के लिए आते रहे हैं। व्यापार में कोई नया काम शुरू करने या बड़ा निर्णय लेने से पहले वे मंदिर में दर्शन करते हैं। उनका कहना है कि मेहनत के साथ भगवान का आशीर्वाद भी सफलता में महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि चांदी के मॉडल की कीमत से ज्यादा उनके लिए इसका धार्मिक महत्व है। यह भेंट वर्षों से भगवान सांवलिया सेठ के प्रति बनी आस्था और विश्वास का प्रतीक है। धर्मराज के पिता जेके सीमेंट कंपनी में नौकरी करते थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *