तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार 3 युवकों को कुचला, मौके पर मौत
Share
उदयपुर, 12 अप्रैल्: उदयपुर-नाथद्वारा नेशनल हाईवे पर रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिससे वे उछलकर दूर जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
जानकारी के अनुसार हादसा शाम करीब 5:30 बजे चीरवा टनल से पहले हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रेलर अनियंत्रित होकर आगे जाकर पलट गया। ट्रेलर में भरे कट्टे सड़क पर बिखर गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर सुखेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से ट्रेलर को हटाकर यातायात सुचारू कराया। थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि तीनों मृतकों के शव एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। फिलहाल उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रेलर की गति काफी तेज थी और उसने बाइक को पीछे से टक्कर मारी। पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
