पालीवाल ब्राह्मण महासभा की कार्यकारिणी बैठक संपन्न, सामाजिक गतिविधियों की रूपरेखा तय
Share
उदयपुर, 12 अप्रैल: पालीवाल ब्राह्मण महासभा मेवाड़, उदयपुर मंडल की कार्यकारिणी बैठक रविवार को बेदला माताजी रोड स्थित आस्था प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित हुई। बैठक का शुभारंभ माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और ईश वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी अतिथियों एवं सदस्यों का स्वागत-अभिनंदन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष डॉ. भंवर हीरावत ने की, जबकि वीर चक्र से सम्मानित दुर्गाशंकर पालीवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। डॉ. उमाशंकर शर्मा, डॉ. मोहन प्रकाश शर्मा, पुरुषोत्तम पालीवाल एवं श्रीमती पुष्पा पालीवाल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। महासचिव महेश जोशी ने संगठन का संक्षिप्त परिचय देते हुए बैठक का संचालन किया।
बैठक में वर्ष 2026 के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। इसमें जुलाई माह में प्रतिभावान सम्मान समारोह, नवंबर में सामूहिक विवाह एवं यज्ञोपवीत संस्कार, युवाओं के लिए कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम, सहकारी उपभोक्ता केंद्र की स्थापना तथा युवक-युवती परिचय सम्मेलन आयोजित करने पर सहमति बनी। साथ ही युवाओं को जोड़ने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप गठन का भी निर्णय लिया गया।
मुख्य अतिथि दुर्गाशंकर पालीवाल ने 1971 के भारत-पाक युद्ध के अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं को साहस, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। वक्ताओं ने समाज को संगठित, शिक्षित और आत्मनिर्भर बनाने पर बल दिया। अंत में महासचिव महेश जोशी ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
