LOADING

Type to search

नवरात्र में राममय होगी मेवाड़ धरा, उदयपुर में पहली बार दस दिवसीय रामलीला

socal

नवरात्र में राममय होगी मेवाड़ धरा, उदयपुर में पहली बार दस दिवसीय रामलीला

Share

9 से 18 अक्टूबर तक निम्बार्क कॉलेज मैदान में मंचन, 20 अक्टूबर को कल्लाजी बावजी चौराहे पर होगा रावण दहन
उदयपुर, 29 सितंबर:
मर्यादा, सत्य, त्याग और लोकमंगल के प्रतीक भगवान श्रीराम की कथा नवरात्र में उदयपुर को राममय करेगी। लंबे अंतराल के बाद शहर में भव्य रामलीला का आयोजन होने जा रहा है। श्री रामलीला समिति, उदयपुर की ओर से 9 से 18 अक्टूबर तक दस दिवसीय रामलीला का मंचन सूरजपोल बाहर स्थित निम्बार्क महाविद्यालय मैदान में किया जाएगा। प्रतिदिन शाम 7 से रात 10 बजे तक होने वाले मंचन में वृंदावन के पुष्टिमार्गीय श्री कृष्ण लीला संस्थान के 40 कलाकार भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों को मंच पर जीवंत करेंगे।
समिति अध्यक्ष धर्मनारायण जोशी ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में बताया कि रामलीला का शुभारंभ 9 अक्टूबर को नारद मोह, अवतार प्रयोजन और कथा की पृष्ठभूमि से होगा। 10 अक्टूबर को रावण तपस्या, पृथ्वी पुकार और श्रीराम जन्म, 11 को विश्वामित्र आगमन, ताड़का-सुबाहु वध और अहिल्या उद्धार तथा 12 अक्टूबर को धनुष यज्ञ और श्रीराम-जानकी विवाह का मंचन होगा।
13 अक्टूबर को श्रीराम वनगमन, 14 को केवट संवाद, दशरथ मरण और भरत मिलन, 15 को जटायु, शूर्पणखा, खर-दूषण वध और सीता हरण तथा 16 अक्टूबर को शबरी मिलन, सुग्रीव मित्रता और लंका दहन के प्रसंग होंगे। 17 अक्टूबर को सेतु बंध, विभीषण शरणागत, अंगद-रावण संवाद और लक्ष्मण शक्ति का मंचन होगा। अंतिम दिन 18 अक्टूबर को कुंभकरण, मेघनाद और रावण वध के बाद श्रीराम के अयोध्या आगमन एवं राज्याभिषेक का मंचन होगा।
दशहरे पर होगा रावण दहन
20 अक्टूबर को शाम 6 बजे सेक्टर-14 नेला स्थित कल्लाजी बावजी चौराहे पर रावण दहन और भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। पश्चिमी क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र की ओर से विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। तैयारी बैठक में निमंत्रण पत्र का विमोचन कर व्यवस्थाओं के लिए दायित्व भी सौंपे गए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *