LOADING

Type to search

पुलिस ना कर सकी, पीड़ित ने खुद खोज निकाली चोरी की बाइक

crime

पुलिस ना कर सकी, पीड़ित ने खुद खोज निकाली चोरी की बाइक

Share

सीसीटीवी खंगाले, इनाम रखा और 61 किलोमीटर दूर फिल्मी अंदाज में पकड़ी बाइक
उदयपुर, 19 मई:
उदयपुर में बाइक चोरी के एक मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हाथीपोल थाना क्षेत्र से चोरी हुई महंगी बाइक को तलाशने में पुलिस जहां टालमटोल करती रही, वहीं पीड़ित युवक ने खुद सीसीटीवी कैमरे खंगाले, सोशल मीडिया पर इनाम घोषित किया और आखिरकार 61 किलोमीटर दूर जाकर अपनी बाइक बरामद कर ली। अब बड़ा सवाल यह है कि बाइक मिलने के बाद पुलिस आखिर चोरों तक कब पहुंचेगी।
मामला हाथीपोल थाना क्षेत्र के नवरत्न कॉम्प्लेक्स लिंक रोड निवासी 25 वर्षीय अब्बास पुत्र अली हुसैन कानोड़वाला से जुड़ा है। 10 मई की सुबह एमबी हॉस्पिटल परिसर से उसकी लाल रंग की बजाज पल्सर बाइक चोरी हो गई थी। अब्बास ने तुरंत हाथीपोल थाने में शिकायत दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज करने के बजाय उसे ही सीसीटीवी फुटेज देखने के लिए कह दिया।
परिजनों के अनुसार अस्पताल और आसपास के कैमरों की जांच में दो युवक बाइक का लॉक तोड़कर ले जाते दिखाई दिए। फुटेज पुलिस को सौंपे गए, इसके बावजूद एफआईआर दो दिन बाद दर्ज की गई। पुलिस की निष्क्रियता से परेशान होकर परिवार ने सोशल मीडिया पर बाइक की जानकारी देने वाले के लिए 5000 रुपए का इनाम घोषित कर दिया।
14 मई को बाइक की लोकेशन उदयपुर से करीब 61 किलोमीटर दूर बेकरिया थाना क्षेत्र में मिलने की सूचना मिली। अगले दिन अब्बास अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से फिल्मी अंदाज में एक जीप रुकवाकर उसमें से अपनी बाइक बरामद कर ली।
परिवार का आरोप है कि बाइक मिलने के बाद भी पुलिस चोरों तक पहुंचने में गंभीरता नहीं दिखा रही। वहीं हाथीपोल थानाधिकारी राजू देवी का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए टीम भेजी गई है और मामले की जांच जारी है।

Tags:

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *