प्रतापगढ़ में हादसे में पति-पत्नी समेत तीन की मौत
Share
मुर्गियां ले जा रही पिकअप ने बाइक को टक्कर मारी, खेत में पलटी; ड्राइवर घायल
प्रतापगढ़, 22 मार्च: जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा चित्तौड़गढ़-बांसवाड़ा नेशनल हाईवे-56 पर सुहागपुरा थाना क्षेत्र के कचोटिया गांव स्थित झानिया पुल के पास रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुआ।
पुलिस के अनुसार पीपलखूंट क्षेत्र के डूंगला वाणी निवासी जीवन मीना (40), उनकी पत्नी चंपा (37) और मित्र गुड्डू मीना (26) एक ही बाइक पर सवार होकर प्रतापगढ़ से लौट रहे थे। इसी दौरान बांसवाड़ा की ओर से आ रही मुर्गियों से भरी तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल पिकअप चालक असलम खान (30) निवासी मंदसौर को प्राथमिक उपचार के बाद मध्यप्रदेश रेफर किया गया।
परिजनों के अनुसार गुड्डू के घर शनिवार को ही बेटे का जन्म हुआ था। तीनों मजदूरी करते थे और समूह लोन की जानकारी लेने प्रतापगढ़ आए थे। वापसी के दौरान यह हादसा हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और शवों को मोर्चरी में रखवाया है। सोमवार को पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
