LOADING

Type to search

टोल मैसेज से खुला स्कॉर्पियो चोरी का राज, 100 सीसीटीवी खंगालकर अंतरराज्यीय गिरोह तक पहुंची पुलिस

crime

टोल मैसेज से खुला स्कॉर्पियो चोरी का राज, 100 सीसीटीवी खंगालकर अंतरराज्यीय गिरोह तक पहुंची पुलिस

Share

उदयपुर से चोरी कार नूंह मेवात होते हुए पंजाब पहुंची, अंबामाता पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा
उदयपुर, 29 अगस्त:
उदयपुर में स्कॉर्पियो-एन चोरी के मामले में अंबामाता थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी के बाद कार के टोल से गुजरने पर मोबाइल पर आए टोल टैक्स मैसेज ने पुलिस को पहला अहम सुराग दिया। इसके बाद पुलिस ने उदयपुर से हरियाणा के नूंह-मेवात होते हुए पंजाब तक 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपियों तक पहुंच गई। पुलिस ने चोरी की स्कॉर्पियो भी बरामद कर ली है।
20 मिनट में कार गायब
एसपी अमृता दुहन ने बताया कि 16 अगस्त की रात करीब 11 बजे पूला पुलिया के पास परिवादी स्कॉर्पियो खड़ी कर दोस्त से मिलने गया था। जल्दबाजी में कार की चाबी अंदर ही रह गई। करीब 20-25 मिनट बाद लौटने पर कार गायब मिली। तलाश के बाद अगले दिन सुबह परिवादी के मोबाइल पर जयपुर के पास मनोहरपुर टोल का मैसेज आया। इससे पुलिस को कार के उदयपुर से बाहर निकलने की दिशा का पता चला।
उदयपुर से पंजाब तक पीछा
अंबामाता थानाधिकारी हुकम सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने साइबर सेल की मदद से टोल, हाईवे और प्रमुख मार्गों पर लगे 100 से ज्यादा कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस टीम नूंह-मेवात से पंजाब तक पहुंची और घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
तीनों आरोपी 3 दिन के रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करण सिंह (22), निवासी नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली, हरप्रीत सिंह (24), निवासी मोहाली और करणवीर (25), निवासी जालंधर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह से जुड़े हैं और लग्जरी वाहन चोरी करते हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में अन्य चोरी की गाड़ियों और वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *