LOADING

Type to search

उदयपुर निगम चुनाव: कटारिया की करीबी किरण जैन का टिकट कटा, वार्ड-36 से डिंपल कुंवर को हरी झंडी

political

उदयपुर निगम चुनाव: कटारिया की करीबी किरण जैन का टिकट कटा, वार्ड-36 से डिंपल कुंवर को हरी झंडी

Share

पुराने वार्ड के आरक्षित होने के बाद किरण ने वार्ड-36 से की थी दावेदारी; विधायक ताराचंद जैन की रिश्तेदार होने के बावजूद नहीं मिला टिकट
उदयपुर, 29 अगस्त:
उदयपुर नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा में टिकट वितरण से पहले ही राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलते नजर आ रहे हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाबचंद कटारिया की करीबी मानी जाने वाली और शहर जिला भाजपा की पूर्व महामंत्री किरण जैन को इस बार टिकट नहीं मिला है। वार्ड-34 के ओबीसी महिला के लिए आरक्षित होने के बाद उन्होंने वार्ड-36 से मजबूत दावेदारी जताई थी। पार्टी ने उनकी जगह पूर्व पार्षद भंवरसिंह देवड़ा की पत्नी डिंपल कुंवर को वार्ड-36 से मैदान में उतारने का निर्णय लिया है।
डिंपल कुंवर को नामांकन की हरी झंडी
भाजपा की अधिकृत सूची अभी सार्वजनिक नहीं हुई है, लेकिन पार्टी स्तर पर डिंपल कुंवर को नामांकन दाखिल करने की हरी झंडी मिल गई। इसके बाद शनिवार शाम उनका नामांकन पत्र भी तैयार करवा लिया गया। इससे वार्ड-36 में पार्टी का प्रत्याशी लगभग तय माना जा रहा है।
बदले राजनीतिक समीकरणों की चर्चा
किरण जैन लंबे समय तक भाजपा संगठन में सक्रिय रही हैं और स्थानीय चुनावों में टिकट वितरण तथा सांगठनिक निर्णयों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती रही है। उन्हें गुलाबचंद कटारिया के करीबी नेताओं में भी गिना जाता रहा है। ऐसे में उनका टिकट कटना भाजपा के भीतर बदले राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा का विषय बन गया है। खास बात यह भी है कि टिकट वितरण समिति में शहर विधायक ताराचंद जैन, जो किरण जैन के जेठ हैं, भी शामिल हैं। इसके बावजूद किरण को टिकट नहीं मिलना पार्टी के मौजूदा टिकट चयन में बदले समीकरणों की ओर संकेत माना जा रहा है। अब देखना होगा कि टिकट वितरण की अधिकृत सूची सामने आने के बाद भाजपा के भीतर यह बदलाव किस तरह की राजनीतिक तस्वीर बनाता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *