महिला किसानों को धूप, धूल और कृषि दुर्घटनाओं से बचाव का प्रशिक्षण
Share
एमपीयूएटी में जागरूकता अभियान, 45 महिला किसानों को टोपी, एप्रन, दस्ताने और सुरक्षा उपकरण दिए
उदयपुर, 15 अक्टूबर: कृषि कार्यों के दौरान महिला किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। फार्म मशीनरी विभाग में आईसीएआर की अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना के तहत 14 से 16 अक्टूबर तक आयोजित अभियान के दूसरे दिन हींता और मालपुरा गांवों की 45 महिला किसानों के लिए संगोष्ठी हुई।
परियोजना प्रभारी प्रोफेसर सांवल सिंह मीणा ने बताया कि दूसरे दिन को महिला कृषक दिवस के रूप में मनाया गया। महिला किसानों को तेज धूप और हानिकारक किरणों से बचाव के लिए कृषि टोपी, एप्रन और हाथों के दस्ताने दिए गए। कृषि कार्यों तथा कीटनाशकों के छिड़काव के दौरान धूल और कणों से बचने के लिए डस्ट मास्क और गॉगल्स भी वितरित किए गए।
सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल पर जोर
महिला किसानों को बताया गया कि थ्रेशिंग, पशुओं के बाड़े की सफाई और कीटनाशकों के छिड़काव जैसे कार्यों में सुरक्षा उपकरणों का उपयोग जरूरी है। थ्रेशर पर काम करते समय चुस्त कपड़े पहनने और सावधानियां बरतने की सलाह दी गई। अभियान का उद्देश्य कृषि कार्यों में संभावित जोखिमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करना है।

