ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल खत्म, प्रमुख मांगें मानने पर आंदोलन स्थगित
Share
उदयपुर, 16 जुलाई: प्रदेश ट्रक ट्रांसपोर्ट संघर्ष समिति के आह्वान पर चल रही प्रदेशव्यापी हड़ताल सरकार द्वारा प्रमुख मांगें स्वीकार किए जाने के बाद समाप्त हो गई। दी उदयपुर ट्रांसपोर्ट ऑर्गेनाइजेशन ने इसे ट्रांसपोर्ट समाज की एकजुटता और अनुशासित आंदोलन की बड़ी जीत बताया। संगठन के नेतृत्व में आरटीओ कार्यालय तक निकाली गई रैली में भारी संख्या में वाहन शामिल हुए, लेकिन यातायात बाधित नहीं होने दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के समक्ष वीएलटीडी जीपीएस, परमिट, फिटनेस सेंटर और चालानों से जुड़े मुद्दे उठाए, जिन पर सरकार ने सकारात्मक निर्णय लेने की घोषणा की। संगठन ने सांसद मन्नालाल रावत, पुलिस प्रशासन, मीडिया तथा आंदोलन में सहयोग देने वाले ट्रांसपोर्टरों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी समाज के हितों की रक्षा के लिए इसी तरह संगठित प्रयास जारी रहेंगे।
