जनजाति प्रतिभा एवं शिक्षक गौरव सम्मान समारोह आज
Share
नौ जिलों की 654 से अधिक प्रतिभाओं और शिक्षकों का होगा सम्मान
उदयपुर, 16 मई: श्री मेवाड़-वागड़-मालवा जनजाति विकास संस्थान की ओर से 12वां अंचल स्तरीय जनजाति प्रतिभा सम्मान एवं सर्व समाज शिक्षक गौरव समारोह रविवार को सुखाड़िया रंगमंच, टाउन हॉल में आयोजित होगा। समारोह में मेवाड़-वागड़ अंचल के नौ जिलों की 654 से अधिक प्रतिभाओं, शिक्षकों, खिलाड़ियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा।
संस्थान के केंद्रीय महासचिव डॉ. शंकर एच. बामनिया ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी और राजस्व मंत्री हेमंत मीणा होंगे। समारोह में भारतीय लेक्रोज टीम की कप्तान सुनीता मीणा को “श्री मानगढ़ धाम गौरव पुरस्कार” से सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा 72 शिक्षकों को शहीद नानाभाई खांट गौरव पुरस्कार, 200 विद्यार्थियों को वीर बालक एकलव्य प्रतिभा पुरस्कार तथा 209 प्रतिभाओं को शहीद वीर बाला काली बाई प्रतिभा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, करियर काउंसलिंग और “गौरव की राहें” डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी होगा।
