कार की टक्कर से दो युवकों की मौत, महिला गंभीर घायल
Share
एनएच-148डी पर दर्दनाक हादसा, पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू की
उदयपुर, 21 जून : करीबी राजसमंद जिले में भीम थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एनएच-148डी पर संबुरिया गांव के निकट हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब गांव से भीम की ओर जा रहे बाइक सवारों को सामने से आ रही इको कार ने टक्कर मार दी।
पुलिस के अनुसार हादसे में भेरूखेड़ा निवासी 24 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह पुत्र घीसा सिंह तथा आमनेर निवासी 50 वर्षीय वीरम सिंह पुत्र टीम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे भीम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर ब्यावर रेफर किया गया।
सूचना मिलते ही भीम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी सवाई सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल इको कार को जब्त कर लिया गया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
