पहाड़ी काटकर हो रहे व्यावसायिक अवैध निर्माण पर यूडीए का शिकंजा
Share
एकलिंगजी के पास जारी निर्माण सील, नोटिस के बाद भी जारी था काम
उदयपुर, 23 जून: उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एकलिंगजी (कैलाशपुरी) तालाब के समीप पहाड़ी भूमि पर किए जा रहे व्यावसायिक निर्माण को सील कर दिया। प्राधिकरण के अनुसार संबंधित पक्ष को पहले ही निर्माण कार्य रोकने और बिना अनुमति निर्माण नहीं करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन चेतावनी के बावजूद कार्य जारी रखा गया।
स्वीकृति नहीं दिखा सका निर्माणकर्ता
यूडीए आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि राजस्व ग्राम मूणवास की आराजी संख्या 1944/427 स्थित पहाड़ी भूमि को काटकर बिना सक्षम स्वीकृति के व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा था। सचिव राजपाल सिंह ने बताया कि प्राधिकरण अधिनियम-2023 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया, लेकिन निर्माणकर्ता कोई वैध स्वीकृति प्रस्तुत नहीं कर सका।
बिना अनुमति निर्माण पर होगी कार्रवाई
इसके बाद यूडीए ने निर्माण स्थल को सील कर दिया। आयुक्त खन्ना ने आमजन से निर्माण कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि अवैध निर्माणों और कब्जों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई तहसीलदार डॉ. अभिनव शर्मा के निर्देशन में यूडीए टीम और होमगार्ड जाब्ते की मौजूदगी में की गई।
