हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा उदयपुर, निकली 22वीं महाकाल कांवड़ यात्रा
Share
7 किलोमीटर यात्रा में हजारों शिवभक्त हुए शामिल, महिलाओं ने भी कंधे पर कांवड़ उठाकर की सहभागिता; महाकालेश्वर मंदिर में 25वां शिला स्थापना दिवस मनाया
उदयपुर, 8 अगस्त: सावन के पावन महीने में शनिवार को उदयपुर में भक्ति और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। महाकाल कांवड़ यात्रा समिति की ओर से 22वीं महाकाल कांवड़ यात्रा निकाली गई। आयड़ स्थित गंगोद्भव कुंड से शुरू हुई यात्रा में हजारों शिवभक्त कंधे पर कांवड़ लेकर शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरा शहर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा।
यात्रा आयड़ पुलिया, अशोक नगर रोड, शक्तिनगर, टाउनहॉल, सूरजपोल, अस्थि मंदिर, मुखर्जी चौक, बड़ा बाजार, जगदीश चौक, चांदपोल, अंबामाता मंदिर और आयुर्वेद चौराहा होते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंची। करीब 7 किलोमीटर लंबी यात्रा में इस बार महिलाओं की विशेष भागीदारी रही। बड़ी संख्या में महिलाओं ने पुरुषों के साथ कंधे पर कांवड़ उठाकर यात्रा पूरी की।
समिति के अनुसार यात्रा की तैयारियों में 20 से 30 सदस्यों की टीम ने करीब 15 दिन तक मेहनत की और लगभग 1,200 कांवड़ तैयार कीं। पूरे मार्ग में 20 से अधिक स्थानों पर श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा, फलाहार और प्रसाद से स्वागत किया गया।
महाकालेश्वर मंदिर में शिला स्थापना दिवस
शनिवार को श्री महाकालेश्वर मंदिर में 25वां शिला स्थापना दिवस भी श्रद्धापूर्वक मनाया गया। मंदिर प्रबंधक हेमंत दाधीच ने बताया कि 3 अगस्त 2000 को मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए शिला स्थापना की गई थी। इस अवसर पर सुबह सहस्रधारा अभिषेक, महामृत्युंजय पाठ, शतचंडी पाठ और भगवान महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। 105 दीपकों से ओंकार स्वरूप में विशेष पूजा तथा शाम को महामुद्रा अनुष्ठान भी संपन्न हुआ।

