राज्य पावरलिफ्टिंग में उदयपुर का दम, छह पदक जीते
Share
उदयपुर, 28 अप्रैल: बीकानेर के चिरंजीवी कुंज सभागार में आयोजित 45वीं राजस्थान राज्य जूनियर एवं 23वीं राज्य सब जूनियर इक्यूप्ड पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में उदयपुर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य सहित कुल छह पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से जिले के खेल जगत में उत्साह है। प्रतियोगिता में रूपेश बरांडा ने 59 किलो सब जूनियर वर्ग में तीन नए राज्य कीर्तिमान बनाते हुए 507.5 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं 74 किलो जूनियर वर्ग में जयेश कामोया ने 625 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। 74 किलो मास्टर-2 वर्ग में सोहनलाल नलवाया ने भी स्वर्ण पदक जीता।
उदयपुर टीम के खिलाड़ियों ने अन्य वर्गों में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। रूपेश बरांडा ने 59 किलो जूनियर वर्ग में रजत पदक जीतकर दूसरा पदक हासिल किया। महिला वर्ग में 43 किलो जूनियर वर्ग में मानसी रावत ने 265 किलो वजन उठाकर रजत पदक जीता, जबकि 47 किलो सब जूनियर वर्ग में हंसिका कामोया ने कांस्य पदक प्राप्त किया। 59 किलो जूनियर वर्ग में युवराज सिंह और 83 किलो वर्ग में मितांशु सेन का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। टीम के कोच अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गौरव साहू तथा महिला टीम की कोच राष्ट्रीय चैंपियन नीलम डांगी रहीं।
उदयपुर टीम की इस सफलता पर राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली, सचिव डॉ. देवेंद्र साहू, जिला ओलंपिक संघ के पदाधिकारियों सहित कई खेल संगठनों ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को बधाई दी।
