एमबी अस्पताल में बच्ची की मौत के बाद हंगामा, गार्ड्स पर मारपीट का आरोप
Share
उदयपुर, 28 अप्रैल: उदयपुर के एमबी अस्पताल के बाल रोग विभाग आईसीयू में मंगलवार दोपहर एक बच्ची की मौत के बाद परिजनों और सुरक्षा गार्ड्स के बीच विवाद हो गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला गार्ड्स ने पुरुष के कपड़े फाड़ दिए और महिलाओं के बाल खींचकर मारपीट की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन देर रात तक कोई मामला दर्ज नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार सलूंबर क्षेत्र से साढ़े चार महीने की बच्ची को दस्त और सांस फूलने की शिकायत पर एमबी अस्पताल लाया गया था। इलाज के दौरान करीब आधे घंटे बाद बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद उसकी मां रोने लगी, जिस पर एक महिला गार्ड ने उसे चुप रहने के लिए डांटा। इसी दौरान पास के बेड पर अपनी भांजी का इलाज करवा रहे चित्तौड़गढ़ जिले के सेमलिया निवासी जगदीश वैष्णव ने गार्ड को संवेदनशीलता बरतने की बात कही। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
जगदीश वैष्णव ने आरोप लगाया कि कुछ देर बाद महिला गार्ड अन्य गार्ड्स के साथ आई और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसके कपड़े फाड़ दिए गए। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसकी बहन और पत्नी के साथ बदसलूकी की गई तथा उनके बाल खींचे गए। परिजनों का कहना है कि मारपीट के दौरान महिलाओं को नाखून भी लगाए गए।
घटना के बाद जगदीश ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। हाथीपोल थाना क्षेत्र की एमबी अस्पताल चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने आकर रिपोर्ट देने के लिए कहा, लेकिन परिजन अस्पताल में इलाजरत भांजी को छोड़कर नहीं जा सके।
वहीं, शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक अरोड़ा ने बताया कि बच्ची जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित थी और उसकी हालत गंभीर थी। वेंटिलेटर पर लेने के बावजूद उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन आईसीयू के अंदर शोर-शराबा करने लगे, जिससे अन्य मरीजों को परेशानी हो रही थी। इसी कारण गार्ड्स को बुलाकर परिजनों को बाहर करने के निर्देश दिए गए। उनके अनुसार इस दौरान परिजनों ने बदतमीजी की, जिससे विवाद की स्थिति बनी।
