उदयपुर में ट्रैफिक सुधार की बड़ी तैयारी, भारी वाहनों का बदलेगा रूट
Share
नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर सख्ती, नई क्रेन और पुलिस चौकी की भी तैयारी
उदयपुर, 6 जून: पर्यटन नगरी उदयपुर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। शहर विधायक ताराचंद जैन और पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन की बैठक में यातायात सुधार, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
भारी वाहनों के लिए नया मार्ग तय
बैठक में सेवाश्रम और ठोकर चौराहे पर लगने वाले लगातार जाम को देखते हुए भारी वाहनों का रूट बदलने का फैसला किया गया। अब रेती स्टैंड से हिरणमगरी सेक्टर 3, 4, 5 और 6 होते हुए प्रतापनगर जाने वाले बड़े वाहन जड़ाव नर्सरी मार्ग से गुजरेंगे। इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव कम होने की उम्मीद है।
अवैध पार्किंग पर चलेगा अभियान
एलिवेटेड रोड और लिंक रोड के नीचे बढ़ती अवैध पार्किंग पर चिंता जताते हुए नो-पार्किंग क्षेत्रों में खड़े वाहनों को हटाने के लिए नई क्रेन उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही ऑटो चालकों के ड्रेस कोड की सख्ती से पालना भी सुनिश्चित की जाएगी।
नई पुलिस चौकी और डिवाइडर लगेंगे
शहर की कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए आयड़ थाना शुरू करने की प्रक्रिया तेज होगी, जबकि मस्तान बाबा क्षेत्र में नई अस्थायी पुलिस चौकी खोली जाएगी। वहीं, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए उदियापोल से कुम्हारों के भट्टे तक लिंक रोड पर पेंसिल डिवाइडर लगाए जाएंगे। विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि उदयपुर की पहचान पर्यटन शहर के रूप में है, इसलिए बेहतर यातायात व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
