LOADING

Type to search

गुजरात की होटल में फ्रिज में धमाका, उदयपुर के युवक की मौत

National

गुजरात की होटल में फ्रिज में धमाका, उदयपुर के युवक की मौत

Share

राजकोट की होटल में कंप्रेसर फटने से हादसा, परिवार का इकलौता सहारा छिना
उदयपुर, 4 जून:
गुजरात के राजकोट स्थित एक होटल में फ्रिज के कंप्रेसर में हुए भीषण धमाके ने उदयपुर के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में फलासिया क्षेत्र के 20 वर्षीय अरविंद सिंह सिसोदिया की मौत हो गई। करीब एक माह पहले ही वह परिवार की आर्थिक मदद के लिए राजकोट में नौकरी करने गया था। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें धमाके के बाद अफरा-तफरी मचती दिखाई दे रही है।
सिर पर लगा कंप्रेसर, मौके पर गंभीर घायल
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर राजकोट के भावनगर रोड स्थित एक होटल के किचन में रखे फ्रिज का कंप्रेसर अचानक धमाके के साथ फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि कंप्रेसर हवा में उछलकर सीधे अरविंद सिंह के सिर से टकराया। गंभीर रूप से घायल अरविंद को साथी कर्मचारी तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता के निधन के बाद संभाली थी परिवार की जिम्मेदारी
अरविंद उदयपुर जिले के फलासिया क्षेत्र के जेतावाड़ा साटका गांव का निवासी था। एक वर्ष पूर्व पिता पुनसिंह के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उसके कंधों पर आ गई थी। तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा अरविंद अपने दो चचेरे भाइयों के साथ उसी होटल में कार्यरत था। पुलिस ने दुर्घटनाजन्य मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे अंतिम संस्कार के लिए उदयपुर लाया जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *