रेस्टोरेंट्स में गंदगी मिली, 15 दिन में सुधार नहीं तो लाइसेंस होगा रद्द
Share
उदयपुर, 19 अगस्त: उदयपुर में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर चिकित्सा विभाग ने रेस्टोरेंट्स के खिलाफ जांच अभियान शुरू किया है।
सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने बुधवार को यूनिवर्सिटी रोड और बोहरा गणेशजी क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई रेस्टोरेंट के किचन में गंदगी मिली। कुछ जगह कर्मचारियों की मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी और पेयजल की स्वच्छता को लेकर भी कमियां सामने आईं। सीएमएचओ ने संचालकों को 15 दिन में व्यवस्थाएं सुधारने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि तय अवधि के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा और लापरवाही मिलने पर लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी। डॉ. आदित्य ने बताया कि सुखाड़िया विश्वविद्यालय के आसपास बड़ी संख्या में विद्यार्थी रहते हैं, इसलिए यहां संचालित रेस्टोरेंट्स में खाद्य गुणवत्ता की नियमित जांच जरूरी है। सरकार से छह नए फूड सेफ्टी ऑफिसर मिलने के बाद विशेष अभियान चलाकर फूड क्वालिटी, साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, कर्मचारियों की मेडिकल रिपोर्ट और पेयजल जांच की नियमित निगरानी की जाएगी।

