नशा मुक्ति जागरूकता पोस्टर का विमोचन
Share
कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत बोले— नशे के खिलाफ जन-जागरूकता सबसे बड़ा हथियार
उदयपुर, 19 जून: प्रदेश में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति के खिलाफ जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रयाग सेवा संस्थान नशा मुक्ति पुनर्वास केंद्र द्वारा तैयार विशेष जागरूकता पोस्टर का विमोचन शुक्रवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है, इसलिए इसके विरुद्ध जन-जागरूकता सबसे प्रभावी हथियार है।
प्रयाग सेवा संस्थान द्वारा तैयार पोस्टरों में नशे के लक्षण, दुष्परिणाम, रोकथाम एवं उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी शामिल की गई है। इन पोस्टरों को सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, विद्यालयों, पुलिस थानों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर प्रदर्शित किया जाएगा ताकि अधिकाधिक लोगों तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंच सके।
मंत्री गहलोत ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए समाज, परिवार, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने राज्य सरकार की नशा मुक्ति और पुनर्वास के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए प्रयाग सेवा संस्थान के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में संस्थापक रुद्र प्रताप सिंह राठौड़, प्रभारी मुकेश गर्ग, शाहिद हुसैन, जगदीश कुमावत सहित संस्थान के कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
