LOADING

Type to search

उदयपुर में बदला मौसम, कई इलाकों में हुई बारिश

Local

उदयपुर में बदला मौसम, कई इलाकों में हुई बारिश

Share

दक्षिणी राजस्थान में सक्रिय हुईं प्री-मानसून गतिविधियां, 27 जून को आंधी-बारिश का अलर्ट
उदयपुर, 26 जून:
तेज धूप और उमस से जूझ रहे उदयपुरवासियों को शुक्रवार दोपहर मौसम ने बड़ी राहत दी। दोपहर बाद अचानक आसमान में घने बादल छा गए और शहर के कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। करीब 15 मिनट तक हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। हालांकि, कई निचले क्षेत्रों में जलभराव की समस्या भी सामने आई।
शहर के हिरणमगरी, सविना, चेतक सर्किल, कोर्ट चौराहा, रूपसागर रोड, शोभागपुरा और 100 फीट रोड सहित कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। वहीं जिले के कानोड़, भटेवर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई। भटेवर में उदयपुर-चित्तौड़गढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पानी भरने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ।
मौसम विशेषज्ञ एवं गुरुनानक स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. आर.एस. देवड़ा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के लगातार आगे बढ़ने से दक्षिणी राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो गई हैं। इसके प्रभाव से उदयपुर संभाग में आगामी दिनों में खंड वर्षा (छिटपुट बारिश) और बादलों की आवाजाही बनी रहने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि वातावरण में नमी बढ़ने के कारण मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहा था। बारिश के बाद तापमान में कमी महसूस की गई।
मौसम विभाग ने 27 जून को उदयपुर संभाग में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि मानसूनी गतिविधियां इसी तरह सक्रिय रहीं तो 2 जुलाई तक बादल छाए रहने और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी की संभावना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *