LOADING

Type to search

वाकल नदी उफान पर, भाड़ेर गांव का ओगणा से संपर्क टूटा

Rajasthan

वाकल नदी उफान पर, भाड़ेर गांव का ओगणा से संपर्क टूटा

Share


सेंई में ढाई इंच और वल्लभनगर में 2 इंच बारिश; आज यलो अलर्ट
उदयपुर, 28 जुलाई:
बंगाल की खाड़ी में बने मौसम तंत्र के असर से दक्षिणी राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। उदयपुर जिले में सोमवार को कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई, जिससे ओगणा क्षेत्र की वाकल नदी उफान पर आ गई। नदी में तेज बहाव के कारण भाड़ेर गांव का ओगणा से संपर्क अस्थायी रूप से टूट गया। मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए जिले में यलो अलर्ट जारी करते हुए अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई है।
पिछले 24 घंटे में जिले में सबसे अधिक ढाई इंच बारिश सेंई बांध क्षेत्र में दर्ज की गई, जबकि वल्लभनगर में 2 इंच वर्षा रिकॉर्ड हुई। सोमवार शाम शहर के प्रतापनगर, ट्रांसपोर्ट नगर सहित कई इलाकों में करीब एक घंटे तक तेज बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस से राहत मिली।
इससे पहले दिनभर तेज धूप और उमस बनी रही। दोपहर में कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन शाम होते-होते बारिश ने रफ्तार पकड़ ली। ग्रामीण इलाकों में भी अच्छी वर्षा होने से नदी-नालों में पानी की आवक बढ़ गई।
मौसम विभाग के डबोक केंद्र के अनुसार सोमवार को उदयपुर का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दक्षिणी राजस्थान में अगले दो दिनों तक खंड वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों और यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *