शिक्षा के साथ संस्कार जरूरी : शक्तावत
Share
उदयपुर, 19 अगस्त: राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नेला में 40 लाख रुपए की लागत से बनने वाले कक्षा-कक्ष एवं बरामदे का भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम में उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा और पूर्व प्रधान तख्त सिंह शक्तावत मौजूद रहे। विधायक मीणा ने कहा कि देश के लिए वंदे मातरम का सम्मान गर्व का विषय है। पूर्व प्रधान शक्तावत ने कहा कि उनका राजनीतिक सफर सरपंच पद से शुरू हुआ था, तब नेला स्कूल प्राथमिक स्तर का था। आदिवासी समाज ने मंदिर की भूमि देकर स्कूल के विस्तार में सहयोग किया, जिससे आज यहां उच्च माध्यमिक विद्यालय संचालित हो रहा है। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी और विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। वरिष्ठ अध्यापक सागर मीणा की पदोन्नति पर विद्यालय परिवार ने विदाई समारोह भी आयोजित किया।
जनजाति प्रतिभाओं को मिलेगा सम्मान, 2 सितंबर तक आवेदन
उदयपुर, 19 अगस्त: राजस्थान के टीएसपी क्षेत्र के प्रतिभावान अनुसूचित जनजाति विद्यार्थियों और युवाओं को अकादमिक एवं रोजगार क्षेत्र में उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। वर्ष 2026-27 के जनजाति प्रतिभा सम्मान समारोह के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। टीआरआई निदेशक ओपी जैन ने बताया कि अभ्यर्थी 2 सितंबर 2026 रात 11.59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन का प्रिंट दस्तावेजों सहित 15 सितंबर शाम 5 बजे तक संस्थान में जमा कराना होगा। टीएसपी क्षेत्र का मूल निवासी एसटी अभ्यर्थी, जिसकी आयु 15 से 35 वर्ष हो, आवेदन कर सकता है। उपलब्धि अवधि 1 अगस्त 2025 से 31 अगस्त 2026 है। चयनित प्रतिभाओं को निर्धारित राशि डीबीटी से तथा समारोह में प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
बुजुर्ग ने जंगल में फंदा लगाकर दी जान
डूंगरपुर, 19 अगस्त: रामसागड़ा थाना क्षेत्र के जालूकुआं गांव में बुधवार को एक बुजुर्ग का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। हेड कॉन्स्टेबल राजेंद्र बुनकर ने बताया कि जालूकुआ निवासी दिनेश मेणात ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार सुबह चचेरे भाई ने फोन कर उनके पिता बापु मेणात के पेड़ से फंदा लगाने की सूचना दी। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव देखा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डूंगरपुर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चलती कार पर बदमाशों ने बरसाए पत्थर
डूंगरपुर, 19 अगस्त: सदर थाना क्षेत्र में देर रात चलती कार पर अज्ञात बदमाशों ने पथराव कर दिया। घटना में कार के विंडशील्ड और साइड ग्लास टूट गए, जबकि कार सवार परिवार बाल-बाल बच गया। हाउसिंग बोर्ड निवासी हेमेंद्र सिंह चौहान अपने रिश्तेदार राजेंद्र सिंह गहलोत और उनकी पत्नी के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। रात करीब 1.15 बजे कांडुला मोड़ के पास अचानक बदमाशों ने स्विफ्ट कार पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। खतरा भांपकर चालक ने कार की रफ्तार बढ़ाई और परिवार को सुरक्षित वहां से निकाल लिया। डूंगरपुर पहुंचने के बाद हेमेंद्र सिंह ने सदर थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना से क्षेत्र में भय का माहौल है।
खौलते पानी में गिरा मासूम, 50 फीसदी से ज्यादा झुलसा
बांसवाड़ा, 19 अगस्त: दानपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुरी गांव में मंगलवार रात दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल का बच्चा खौलते पानी से गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे तत्काल एमजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज जारी है। बच्चे के पिता दिनेश ने बताया कि रात के खाने के लिए चावल बनाने के दौरान चूल्हे पर पानी से भरा बर्तन गर्म हो रहा था। इसी दौरान खेलते समय उनका बेटा अविनाश अचानक संतुलन बिगड़ने से बर्तन में गिर गया। खौलता पानी उसके शरीर पर गिरने से वह बुरी तरह झुलस गया और त्वचा तक उधड़ गई। परिजनों के अनुसार बच्चा 50 फीसदी से अधिक झुलसा है। हादसे के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उपचार चल रहा है।

