LOADING

Type to search

सोसाइटी निवेशक पीड़ितों ने एकजुट होकर महागठबंधन बनाने का लिया निर्णय

Local

सोसाइटी निवेशक पीड़ितों ने एकजुट होकर महागठबंधन बनाने का लिया निर्णय

Share

6 सितंबर को उदयपुर में राष्ट्रीय सम्मेलन, रैली निकालकर आंदोलन की रणनीति तय करेंगे निवेशक पीड़ित संगठन
उदयपुर, 30 अगस्त:
आदर्श क्रेडिट कॉ-ऑपरेटिव सोसाइटी, सहारा इंडिया, भविष्य, संजीवनी, पल्स, साईं प्रसाद, बाइक बोट टैक्सी सहित विभिन्न सोसाइटी मामलों से जुड़े निवेशक पीड़ितों की संयुक्त बैठक नगर निगम प्रांगण में हुई। बैठक में लंबे समय से भुगतान और न्याय की मांग कर रहे पीड़ित संगठनों को राष्ट्रीय स्तर पर एकजुट कर राष्ट्रव्यापी महागठबंधन बनाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए 6 सितंबर को उदयपुर में राष्ट्रीय संयुक्त महासम्मेलन आयोजित कर आगामी आंदोलन की रूपरेखा तय करने पर सहमति बनी।
चुनाव के बीच रैली निकालने की तैयारी
बैठक का संयोजन राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज राजपुरोहित ने किया। राष्ट्रीय महासचिव एडवोकेट भरत कुमावत की अध्यक्षता तथा जिलाध्यक्ष रामनाथ सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में हुई बैठक में मनोरमा कोठारी, उम्मेद सिंह मेहता और डूंगर सिंह बबेरीवाल विशिष्ट अतिथि रहे।
एडवोकेट भरत कुमावत ने कहा कि देशभर में बड़ी संख्या में निवेशक वर्षों से अपने धन की वापसी की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने सभी पीड़ित संगठनों को एक मंच पर लाकर केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी आंदोलन करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि 6 सितंबर के सम्मेलन में आंदोलन की निर्णायक रणनीति बनाई जाएगी और रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
डूंगर सिंह कुमावत ने कहा कि सरकार चुनाव से पहले भुगतान को लेकर ठोस घोषणा नहीं करती है तो मतदान बहिष्कार पर विचार किया जाना चाहिए। आदर्श सोसाइटी की अध्यक्ष मनोरमा कोठारी ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की जमा पूंजी वापस नहीं मिलना गंभीर चिंता का विषय है। साईं प्रसाद सोसाइटी अध्यक्ष गणेशलाल कुम्हार ने भी चुनाव से पहले ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर नोटा का विकल्प अपनाने की बात कही।
बैठक में बताया गया कि 6 सितंबर को सुबह 11 बजे टाउन हॉल में पीड़ित संगठनों की बैठक होगी, जिसमें आगामी जनआंदोलन की विस्तृत रूपरेखा निर्धारित की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *