LOADING

Type to search

ऑडिट रिकॉर्ड नहीं मिलने पर नाराज हुए विश्वराज सिंह मेवाड़

Local

ऑडिट रिकॉर्ड नहीं मिलने पर नाराज हुए विश्वराज सिंह मेवाड़

Share

विद्या प्रचारिणी सभा कार्यालय का दो घंटे निरीक्षण, 62 ऑडिट मेमो का जवाब तलब
उदयपुर, 01 जून:
भूपाल नोबल्स (बीएन) यूनिवर्सिटी और विद्या प्रचारिणी सभा से जुड़े विवाद के बीच सोमवार को नया घटनाक्रम सामने आया। विद्या प्रचारिणी सभा के प्रधान संरक्षक एवं अध्यक्ष विश्वराज सिंह मेवाड़ अचानक सभा कार्यालय पहुंचे और करीब दो घंटे तक रिकॉर्ड, व्यवस्थाओं तथा प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जब उन्होंने ऑडिट से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज मांगे तो उन्हें उपलब्ध नहीं कराया जा सका। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा और ऑडिट रिकॉर्ड तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
पूर्व मंत्री के पास बताए गए दस्तावेज
निरीक्षण के दौरान पूर्व कार्यसमिति के प्रबंध निदेशक मोहब्बत सिंह ने बताया कि कार्यालय में फिलहाल कोई ऑडिट दस्तावेज मौजूद नहीं हैं। उनके अनुसार सभी रिकॉर्ड पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह आगरिया के पास हैं। इसके बाद आगरिया को कार्यालय आने के लिए संपर्क भी किया गया, लेकिन वे मौके पर नहीं पहुंचे। दस्तावेज नहीं मिलने पर विश्वराज सिंह मेवाड़ ने ऑडिट से जुड़े 62 मेमो का जवाब और संबंधित रिकॉर्ड सोमवार शाम तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
एडहॉक कमेटी ने संभाला कार्यभार
घटनाक्रम के दौरान एडहॉक कमेटी के युवराज सिंह झाला ने पुनः कार्यालय का कार्यभार संभाला। इस मौके पर सभा और ओल्ड बॉयज एसोसिएशन के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि बीएन यूनिवर्सिटी और विद्या प्रचारिणी सभा का विवाद पिछले कई दिनों से चर्चा में है। इससे पहले एडहॉक कमेटी और पूर्व कार्यसमिति के बीच कार्यालय संचालन को लेकर विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत भूपालपुरा थाने में भी दर्ज कराई गई थी। ताजा घटनाक्रम के बाद मामले ने फिर से तूल पकड़ लिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *