LOADING

Type to search

महाराणा प्रताप जयंती पर सात दिवसीय आयोजन, 486 दीपों से होगी महाआरती

socal

महाराणा प्रताप जयंती पर सात दिवसीय आयोजन, 486 दीपों से होगी महाआरती

Share

रेलवे स्टेशन पर हल्दीघाटी की माटी से होगा पर्यटकों का स्वागत
उदयपुर, 01 जून:
महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती पर उदयपुर में इस वर्ष भव्य और विविध आयोजनों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। मेवाड़ क्षत्रिय महासभा संस्थान, नगर निगम उदयपुर तथा सर्व समाज के संयुक्त तत्वावधान में 10 से 17 जून तक सात दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन होगा। जयंती के अवसर पर 486 दीपकों से महाआरती, दुग्धाभिषेक, शोभायात्रा और विभिन्न ऐतिहासिक विभूतियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
मेवाड़ क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रमों का शुभारंभ 10 जून को हल्दीघाटी दर्रा पूजन एवं वहां की पवित्र माटी लाने के साथ होगा। 17 जून को मुख्य समारोह मोती मगरी स्थित महाराणा प्रताप स्मारक पर आयोजित किया जाएगा, जहां प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी। टाउनहॉल पर स्वागत एवं सुखाड़िया रंगमंच पर सभा का आयोजन होगा।
486 दीपों से रोशन होगा प्रताप गौरव
11 जून को गणगौर घाट पर 486 दीप प्रज्वलित कर महाआरती की जाएगी। वहीं हकीम खां सूरी, पन्नाधाय, राणा पूंजा, भामाशाह, झाला मान और हाड़ी रानी सहित मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास से जुड़े नायकों को विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि दी जाएगी। रक्तदान शिविर, अखंड रामायण पाठ, शस्त्र पूजन, देशभक्ति सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और आतिशबाजी भी कार्यक्रमों का हिस्सा रहेंगी।
हल्दीघाटी की माटी से होगा स्वागत
16 जून को उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर आने वाले पर्यटकों का हल्दीघाटी की पावन माटी से स्वागत किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इसका उद्देश्य मेवाड़ की वीरता, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से देश-दुनिया के पर्यटकों को जोड़ना है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *